लक्ष्मीपुर। पडरौना कोतवाली मठिया निवासी साइकिल सवार मजदूर शाम को घर लौट रहा था। गांव के चौराहे पर सड़क पार करने के दौरान बाइक सवार युवक ने टक्कर मार दिया। मजदूर की मौके पर मौत हो गई। हादसे में युवक भी घायल हो गया। पुलिस ने बाइक को कब्जे में लिया है।
पडरौना कोतवाली के मठिया गांव निवासी रामधारी प्रसाद (55) रोज की तरह सोमवार को मजदूरी करने गए थे। शाम को काम से लौटने के बाद गांव के चौराहे पर सामान खरीदा और घर जाने के लिए सड़क पार कर रहे थे। इस दौरान पडरौना की ओर से दुदही जा रहे बाइक सवार युवक ने टक्कर मार दिया। टक्कर इतनी तेज लगी कि मजदूर और बाइक सवार युवक घायल हो गए।
दोनों को एंबुलेंस से लोगों ने मेडिकल कॉलेज भेजा, डॉक्टर ने मजदूर को मृत घोषित कर दिया। वहीं परिजन घायल युवक को लेकर निजी अस्पताल में इलाज कराने चले गए।
घटनास्थल कुबेरस्थान थाना क्षेत्र में हैं। कुबेरस्थान थानाध्यक्ष संदीप सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। बाइक कब्जे में है।