बरहज/भलुअनी। नगर पंचायत भलुअनी में छुट्टा पशुओं की सुरक्षा और किसानों की सहूलियत के लिए गोशाला का निर्माण कराया जा रहा है। जिसके लिए शासन से स्वीकृति मिल गई है। हालांकि गोशाला निर्माण कार्य में जमीन आड़े आ रही है। इसमें पेंच फंसने के कारण निर्माण कार्य अधर में पड़ सकता है।
नगर पंचायत भलुअनी की ओर से 14 मार्च 2024 को गोशाला के लिए प्रस्ताव भेजा गया था। जिस पर शासन की ओर से मुहर लगने गई है। एक करोड़ 66 लाख की लागत से नगर पंचायत की ओर से 90 मीटर लंबा और 42 मीटर चौड़ाई वाले भू-भाग पर कार्य शुरू करा दिया गया है। जिसमें पशुओं के निवाले खाने, बैठने के अलावा रखरखाव के लिए तैनात कर्मियों के रहने की व्यवस्था किया जायेगा। वार्ड नंबर दो गौतम बुद्ध नगर में बनाये जा रहे गोशाला से सड़कों पर घूमने वाले छुट्टा पशुओं से निजात मिलेगा। ईओ अमिताभ मणि त्रिपाठी ने बताया कि निर्माण कार्य शुरू कराया गया है। कुछ अड़चने आ रही हैं। जिसे दूर करा लिया जायेगा।
लोगों ने किया प्रदर्शन, लौटी टीम
भलुअनी। स्थानीय कस्बा के गौतम बुद्ध नगर वार्ड नंबर दो में नगर पंचायत की ओर से गोशाला का निर्माण कराया जा रहा है। शुक्रवार को जमीन का चिन्हांकन करने गई टीम को लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। माहौल बिगड़ता देख प्रशासन को बिना पैमाइश किए बैरंग वापस लौटना पड़ा। नायब तहसीलदार रवींद्र मौर्य के नेतृत्व में राजस्व और पुलिसकर्मियों की टीम निर्माणाधीन गोशाला पहुंची। जहां टीम को देख अगल-बगल के काश्तकार भी मौके पर पहुंच गए। हालांकि मौके पर पूर्व विधायक स्वामीनाथ भी पहुंच गए। नायब तहसीलदार रवींद्र मौर्य ने बताया कि जमीन चिन्हांकन के लिए टीम गई हुई थी।