- पुलिस ने हाईवे पर घेराबंदी कर तमकुहीराज तहसील के पास टैंकर को रोका
- बिहार से कुशीनगर में हुए थे दाखिल, पांच क्विंटल गांजा बरामद, 1.25 करोड़ बताई जा रही कीमत
- जौनपुर के रहने वाले हैं दोनों तस्कर, कुशीनगर, गोरखपुर, संतकबीरनगर, देवरिया, बस्ती समेत कई शहरों में करते थे सप्लाई
तमकुहीराज (कुशीनगर)। स्थानीय पुलिस ने शनिवार को अवैध गांजा की तस्करी करने वाले गैर प्रांतीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। तेल की ढुलाई करने वाले टैंकर में पांच क्विंटल गांजा छिपाकर उड़ीसा से कुशीनगर के रास्ते गोरखपुर ले जाया जा रहा था। सूचना पर पुलिस ने हाईवे पर घेराबंदी कर तमकुहीराज तहसील के पास टैंकर को रोककर दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों जौन्पुर जिले के रहने वाले हैं। तस्कर गांजा की सप्लाई कुशीनगर, गोरखपुर, संतकबीरनगर, देवरिया, बस्ती समेत कई शहरों में करते थे। पुलिस इस नेटवर्क में शामिल तस्करों की पहचान करने में जुटी है।
एनएच-28 के रास्ते मादक पदार्थों की तस्करी पुलिस की सख्ती के बाद भी नहीं रुक रही है। शुक्रवार की रात पुलिस को सूचना मिली कि हाईवे के रास्ते असम से तेल वाले टैंकर में छिपाकर गोरखपुर की ओर लेकर जा रहे हैं। पुलिस ने हाईवे पर घेराबंदी कर तमकुहीराज तहसील के पास टैंकर को रोक लिया। पुलिस ने चालक और इसके में बैठे तस्कर से जानकारी ली तो इधर-उधर की बात करने लगे। संदेह होने पर पुलिस ने टैंकर के अंदर जांच की तो एक-एक किलो का 500 पैकेट गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने तस्करों की पहचान जौनपुर जिले के बक्सा थाना क्षेत्र के गढ़हा सैनी गांव निवासी सुरेंद्र प्रताप यादव व बदलापुर थाना क्षेत्र के बेलावा निवासी विजय कुमार चौहान के रूप में की है।
पूछताछ में तस्करों ने बताया है कि वे असम से बिहार के रास्ते कुशीनगर में गांजा लेकर दाखिल हुए थे। कुशीनगर, गोरखपुर, संतकबीरनगर, देवरिया और बस्ती समेत कई शहरों में सप्लाई करते हैं। टैंकर में गांजा लेकर जाना आसान होता है क्योंकि कोई संदेह नहीं करता है। इसके अलावे भी कई अन्य तरीकों से पुलिस की नजरों से बचने के लिए गांजा छिपाकर तस्कर ले जाते हैं।
- राकेश प्रताप सिंह, सीओ, तमकुहीराज