उजारनाथ। स्थानीय चौराहे पर सोमवार की सुबह करीब 10 बजे एक दुकान के काउंटर में करीब तीन फीट लंबा कोबरा सांप दिखाई देने से अफरा-तफरी मच गई। सांप को देखते ही दुकानदार शोर मचाते हुए दुकान से बाहर निकल गया। दुकान पर मौजूद ग्राहक भी घबराकर बाहर भागने लगे।
उजारनाथ चौराहे पर मनीष दवा की दुकान चलाते हैं। सुबह आकर वह अपनी दुकान खोलने के बाद एक व्यक्ति को दवा दिए। इसके बाद वह रुपये काउंटर में रखने के लिए जैसे ही काउंटर खोले वैसे ही काउंटर में पहले से फन फैलाए बैठे कोबरा को देखकर उसके होश उड़ गए। वे शोर मचाते हुए दुकान से बाहर निकले और आसपास लोगों को काउंटर में सांप होने की जानकारी दी। कुछ ही देर में वहां लोगों की भीड़ जुट गई। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद लोगों ने काउंटर को दुकान से बाहर निकाला। कुछ देर बाद कोबरा नहर की पटरी की ओर जंगल में चला गया। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।