तमकुहीरोड। सेवरही कस्बा में प्रस्तावित बस अड्डे के निर्माण के लिए शासन ने वित्तीय मंजूरी दे दी है। इसके निर्माण पर 28 4 लाख रुपये खर्च होंगे। बस अड्डा का निर्माण होने से यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा मिलने के साथ कस्बा से लंबी दूरी की बसों के परिचालन का रास्ता साफ हो जाएगा।
सेवरही कस्बा यूपी व बिहार सीमावर्ती क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण व्यवसायिक केंद्र है। यहां से एक बस उन्नाव डिपो की चलती है। शेष बसें कसया, गोरखपुर, देवरिया के लिए ही चलाई जाती हैं। जगह के अभाव में रोडवेज की बसें सड़क किनारे खड़ी होकर सवारी भरती हैं। क्षेत्र के लोग काफी अरसे से कस्बा में बस अड्डा निर्माण की मांग कर रहे थे। लोगों की मांग को गंभीरता से लेते हुए तमकुहीराज विधायक डाॅ. असीम कुमार की पहल पर कस्बा में बस अड्डा निर्माण की मंजूरी मिली।
भूमि अधिग्रहण के बाद 4 अप्रैल 2023 को प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने निगम के उच्च अधिकारियों के साथ भूमि पूजन कर शिलान्यास किया। उन्होंने शिलान्यास के समय शीघ्र बस अड्डा निर्माण के साथ लंबी दूरी की बसों के संचालन की घोषणा करते हुए उन्होंने दस लाख रुपये की पहली किश्त कर दी। मिली धनराशि से रैम्प युक्त एक भवन, शौचालय व पेयजल आदि का निर्माण भी कराया गया है, लेकिन इसका निर्माण अधूरा होने से समस्या जस की तस बनी हुईथी।
अब इसके निर्माण, सुंदरीकरण, चहारदिवारी गेट सहित अन्य सुविधाओं के निर्माण के लिए शासन ने 283.64 लाख की वित्तीय मंजूरी दी है। सेवरही ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि धनंजय तिवारी, चेयरमैन सोनिया जायसवाल, पूर्व चेयरमैन त्रिभुवन जायसवाल, संजय कुमार गुप्ता, रमेश ब्याहुत आदि ने खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि बस अड्डा निर्माण से यातायात की बेहतर सुविधा के साथ लंबी दूरी की बसों के परिचालन का रास्ता साफ हो जाएगा।