नदी में डूबने से मरने वाले पिंटू चौहान की फाइल फोटो।संवाद
सेवरही कस्बे के शिवशक्तिनगर की घटना, अपने मामा के घर आया था बालक
संवाद न्यूज एजेंसी
तमकुहीरोड (कुशीनगर)। सेवरही नगर पंचायत के शिवशक्ति नगर (बिनटोलिया) में बुधवार को दोपहर लगभग एक बजे बांसी नदी में नहाने गए दस वर्ष के एक बालक की डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। मौके पर पहुंची सेवरही थाने की पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए परिवारवालों को सौंप दिया।
नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के रामपुर गांव के निवासी दीनबंधु चौहान का दस वर्षीय पुत्र पिंटू चौहान अपने मामा के घर सेवरही के शिवशक्ति नगर (बिनटोलिया) में आया था। बुधवार को वह अन्य कई लड़कों के साथ बांसी नदी में नहाने चला गया। वहां सभी लड़कों ने कपड़े उतारकर एक साथ नदी में छलांग लगा दी। पिंटू नहाते समय गहरे पानी में चले जाने से डूब गया।
बाद में पिंटू को अपने बीच न पाकर लड़के किसी अनहोनी की आशंका से चिल्लाने लगे। इसके बाद गांव के लोग नदी के किनारे पहुंचे। चुनावी माहौल होने के कारण प्रत्याशियों को इसकी भनक लगी तो लगभग सभी प्रत्याशी भी घटनास्थल पर पहुंच गए। गांव के ही कुछ युवक नदी में उतरकर पिंटू की तलाश करने लगे और इसकी सूचना सेवरही पुलिस को दे दी गई।
सूचना मिलते ही सेवरही कस्बा पुलिस चौकी इंचार्ज मंगेश कुमार मिश्र पुलिसकर्मियों के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। काफी खोजबीन के बाद नदी में डूबे बालक को बाहर निकाले और सेवरही सीएचसी ले गए। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बाद में शव को गांव लाया गया और घरवालों के आग्रह पर पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर परिवारवालों को सौंप दिया। घटना के बाद परिवार के लोग रोते बिलखते रहे। बताया जाता है कि वह तीन भाइयों में मझला था।