28 सप्ताह में हुआ था जन्म, 21 दिन तक दी गई ऑक्सीजन, एसएनसीयू में डॉक्टरों की टीम ने बचाई जान
कुशीनगर। महज 600 ग्राम वजन के साथ 28 सप्ताह में जन्मी नवजात बच्ची ने 54 दिनों तक जिंदगी के लिए संघर्ष किया। कुशीनगर मेडिकल कॉलेज के एसएनसीयू में डॉक्टरों की विशेष देखभाल और उपचार से उसे नया जीवन मिला। बुधवार को स्वस्थ होने पर उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। इस दौरान मां को नवजात की देखभाल और स्तनपान से संबंधित जरूरी जानकारी भी दी गई।
प्राचार्य डॉ. केपी गौड़ ने बताया कि रामकोला के लक्ष्मीपुर बाजार की रहने वाली सीमा ने 28 सप्ताह में गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में बेटी को जन्म दिया था। समय से पहले प्रसव होने के कारण बच्ची का वजन महज 600 ग्राम था। उसे सांस लेने में परेशानी, फेफड़ों से जुड़ी जटिलताओं और दूध पचाने में दिक्कत हो रही थी।
निजी अस्पताल से उसे सरकारी अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन वहां बेड उपलब्ध नहीं होने के कारण 11 सितंबर 2026 को स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय कुशीनगर के स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (एसएनसीयू) में भर्ती कराया गया।
संक्रमण से बचाव के साथ डॉक्टरों की टीम ने विशेष निगरानी में उसका उपचार शुरू किया। करीब 21 दिनों तक ऑक्सीजन सपोर्ट दिया गया। लगातार उपचार और बेहतर देखभाल से बच्ची की हालत में धीरे-धीरे सुधार होने लगा। उसका वजन बढ़कर करीब एक किलोग्राम पहुंच गया।
इसके बाद चिकित्सकों ने उसे घर ले जाने की अनुमति दे दी। बुधवार चार नवंबर को मां को स्तनपान कराने और नवजात की देखभाल से जुड़े जरूरी सुझाव देने के बाद छुट्टी दे दी गई। इस दौरान एसएनसीयू की चिकित्सकीय टीम मौजूद रही।