गोड़रिया। विशुनपुरा थाना क्षेत्र के बड़हरा स्थित जिन बाबा स्थान के सामने बुधवार को तेज रफ्तार कार और बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक उछलकर गंडक नहर में जा गिरे।
दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इसी दौरान वहां से गुजर रहे थाना प्रभारी शनि कुमार जवाला की नजर घायलों पर पड़ी। उन्होंने तत्काल दोनों को दुदही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचवाया।
जानकारी के अनुसार, पश्चिम चंपारण जिले के भितहा थाना क्षेत्र के भुइधरवा टोला शेखपट्टी निवासी सुल्तान (18) पुत्र मुन्ना और सलमान (20) पुत्र अब्दुल बाइक से अपने घर से पडरौना जा रहे थे। इसी दौरान बड़हरा स्थित जिन बाबा स्थान के सामने तेज रफ्तार से आ रही काले रंग की कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक उछलकर गंडक नहर में जा गिरे। हादसे में एक युवक का हाथ टूट गया, जबकि दूसरा भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
थाना प्रभारी शनि कुमार जवाला ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को दुदही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचवाया।
वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला मुख्यालय स्थित मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। दोनों का मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है।