हाटा। रजिस्ट्रड डाक या स्पीड पोस्ट सेवा का प्रयोग करने के लिए हाटा डाक घर पहुंचे लोगों को निराश हो कर वापस लौटना पड़ रहा है। कारण यह है कि इस डाकघर पर दो दिनों से यह सेवा ठप है। इस वजह से लोगों को इन सेवाओं के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। इस संबंध में पोस्ट मास्टर ने बताया कि स्पीड पोस्ट रसीद का पेपर समाप्त होने से यह नौबत आई है। उच्चाधिकारियों को इसकी सूचना दे दी गई है। पेपर आते ही सेवा शुरू कर दी जाएगी।
जरूरी कागजातों और पत्रों को एक जगह से दूसरी जगह तेज गति और सुरक्षित पहुंचाने वाला स्पीडपोस्ट सेवा हाटा में दो दिनों से ठप होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जब लोग डाकघर पर पहुंचे तो वहां बताया गया कि रसीद समाप्त होने के कारण स्पीडपोस्ट और रजिस्ट्रड पोस्ट नहीं हो पा रहा है। इस समस्या को लोगों ने डाक विभाग की लापरवाही बताते हुए कहा कि रसीद समाप्त होने की सूचना देनी और समय से उसे मगांने का कार्य विभाग का है। विभाग की लापरवाही से कई लोगों की जरूरी कागजात समय से नहीं पहुंच पाएंगे। इससे विभाग को भी राजस्व का नुकसान हो रहा है। बुधवार को हाटा डाकघर पर पहुंचे राकेश कुमार, अजय, विनोद, उपेंद्र, रामजी आदि लोगों ने कहा कि इस समस्या से हम लोगों को कसया आदि जगहों पर जा कर स्पीड पोस्ट करना पडे़ेगा।