कुशीनगर। दुदही विकास खंड के ग्राम सभा विजयपुर दक्षिण पट्टी के गांववालों की ओर से सोमवार को कोटेदार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। गांववालों का आरोप था कि इस ग्राम सभा के कोटेदार ने पात्र लाभार्थियों के जमा किए गए राशन कार्ड का फार्म फाड़कर नहर में फेंक दिया गया था। गांववालों ने उच्चाधिकारियों से जांच करके कार्रवाई की मांग की है।
दुदही विकास खंड के ग्राम सभा विजयपुर दक्षिण पट्टी के गांववालों ने बताया कि बच्चे माइनर के किनारे खेल रहे थे। तभी गेंद नहर में चली गई, जिसे खोजने के लिए वे पानी में घुसे। गेंद तो नहीं मिली लेकिन उसमें गांव के ही कई लोगों का फ ोटो और राशन कार्ड का फार्म बहता हुआ मिला। बच्चों ने उसे बाहर निकाल कर सूखने के लिए रखा। कुछ बच्चे इसकी खबर गांव के जिम्मेदार लोगों को दिए। लोग नहर के किनारे पहुंच गए। गांववाले फ ार्म और फोटो देखकर नाराज हुए। उनका कहना था कि जो फार्म कोटेदार को राशनकार्ड बनवाने के लिए दिए गए थे, उन्हें फ ाड़कर फेंक दिया गया था। गांव में ही प्राथमिक विद्यालय पर लोगों ने फटे फार्म और फोटो को लेकर कोटेदार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से कर कार्रवाई की मांग की गई। प्रदर्शन करने वालों में निजामुद्दीन, अर्जुन सिंह, प्रभु चौरसिया, रमाकांत, सुभाष प्रसाद, रामप्रवेश, प्रभु चौरसिया, ओमसिंह, मोहन, संतोष शर्मा, माया, प्रभावती, फु लेना, मोहन, श्रीकिशुन, राजेंद्र सेठ, जटाशंकर, अनील प्रसाद, सुनील प्रसाद आदि शामिल थे। इस बारे में उपजिलाधिकारी पंकज वर्मा का कहना है कि यह तो गलत है। यदि कोटेदार ने राशन कार्ड का फार्म फाड़कर फेंका है तो शिकायत मिलने पर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।