हाटा। रविवार की सुबह कस्बे के स्टेशन रोड़ स्थित जूते चप्पल की थोक दुकान में आग लगने से उसमें रखा सबकुछ राख हो गया। दुकानदार के मुताबिक दुकान में रखा लाखों रुपये के जुते चप्पल जल गये। इस मामले में दुकानदार की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
हाटा कस्बे के स्टेशन रोड़ पर श्रीनाथ संस्कृत महाविद्यालय के सामने हाटा निवासी आसिफ खान की थोक की दुकान है। शनिवार की शाम को वह अपनी दुकान बंद कर घर चले गए था। रविवार की सुबह करीब पांच बजे कुछ लोग जब नमाज पढ़ने जा रहे थे तो देखा कि उनके दुकान के शटर के पास से आग की लपटे निकल रही थी। शोर मचाने पर कुछ और लोग जुट गए। सूचना मिलने पर दुकानदार भी पहुंचे तो देखा कि शटर का ताला टूटा हुआ था, और शटर कुछ उठा हुआ था। लोगों ने काफी प्रयास किया, लेकिन दुकान में रखा कुछ भी सामान बचा नहीं सके। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटना स्थल पर पहुंची और घटना का जायजा लिया। दुकानदार ने इस मामले में जानबूझका आग लगाने का आरोप लगाते हुए अज्ञात लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी बृजेश वर्मा ने बताया कि इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है।
सूचना के बाद भी समय से नहीं पहुंचा फायर ब्रिगेड
हाटा। दुकान से उठ रही आग की लपटे देखकर आस-पास के लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को फोन किया, लेकिन फायर बिग्रेड की गाड़ी सूचना देने के करीब पांच घंटे बाद साढे दस बजे घटना स्थल पर पहुंची। चालक के अनुसार गाड़ी में डीजल खत्म होने के कारण देरी हुई। फायर बिग्रेड जैसे आपातकालीन सेवा को लेकर प्रशासन कितना संजीदा है, इसकी बानगी रविवार देखने को मिली। रविवार को हाटा में जुते चप्पल की दुकान में आग लगने की तत्काल सूचना फायर बिग्रेड को दी गई, सूचना दिए जाने के करीब पांच घंटे की देरी से फायर बिग्रेड की गाड़ी पहुंची उस समय सब कुछ जल चुका था और लोग आग पर काबू पा लिए थे। हाटा पहुंचने पर जब फायर बिग्रेड कर्मचारियों से जब इस देरी का कारण पूछा गया तो उन्होंने बताया कि कसया में गाड़ी का डीजल खत्म हो गया था। जिससे यहां पहुंचने में देरी हुई।