हाटा/कुशीनगर। कोहरा के कारण दिन में भी कुछ दूरी तक स्पष्ट दिखाई नहीं दे रही। ऐसे में हाईवे पर वाहन चालक मनमाने ढंग से अपने वाहनों को खड़े कर देते हैं। इससे हादसे की आशंका बनी रह रही है। हाईवे पर आए दिन हो रहे हादसों को देखते हुए कुछ दिनों पहले डीएम ने फोरलेन पर मनमाने तरीके से गाड़ी खड़ी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया था, लेकिन अब उसका भी कोई असर नहीं दिखाई दे रहा है। फोरलेन पर जगह-जगह ढाबों, गैरेज और अन्य जगहों पर ऐसे वाहन खड़े करते हैं।
सड़के किनारे होटलों और गैराजों के सामने छोटे बड़े वाहनों को खड़ा कर के उनकी मरम्मत आदि का कार्य किया जा रहा है। हाईवे पर इस तरह जगह-जगह वाहनों के खड़े होने से अवरोध उत्पन्न होता है। इससे अक्सर हादसे भी हो जाते हैं। फोरलेन की मेन लेन पर जगह-जगह ट्रकें खड़ी कर के चालक इधर-उधर घूमते हैं। वहीं सर्विस लेनों पर गैरेज वालों का ही कब्जा देखा गया। वाहनों के चलने के लिए बनाई गई इन सड़कों पर वाहनों को खड़ा कर उनकी रिपेयरिंग की जाती है। ढाढ़ा के पास स्थिति ढाबों पर खाना खाने के लिए चालक सड़क के किनारे वाहनों को खड़ा कर घंटों आराम फरमाते हैं। जैसे-जैसे कोहरा का असर बढ़ता जा रहा है, इस सड़क पर हादसों का खतरा भी इस सब के कारण बढ़ रहा है।
इसी तरह तमकुहीराज स्थित बैरियर से लगायत आस-पास एनएच पर ट्रकों को खड़ा रखने से इस मौसम में हादसे का खतरा बढ़ गया है। तमकुहीराज स्थित गाजीपुर बैरियर और इससे जुड़े एनएच 28 पर स्थित पटहेरवां, पटेहेरियां, लबनियां, रजवटियां, कौवा पट्टी, सलेमगढ़, लतवा चट्टी आदि चौक चौराहों तथा ढाबाें पर दोनों किनारे बड़े वाहन कतार में खड़े रहते हैं। कोहरा के कारण इस वाहनों से अन्य वाहन टकरा सकते हैं। पूर्व में हादसे भी हो चुके हैं। लोगों का कहना है कि फिर भी प्रशासन गंभीर नहीं हो रहा है। अगर कोई इन ट्रकों के चालकों को मना करता है तो वे उल्टे उन्हीं पर बरस पड़ते हैं।
0
हादसा हुआ तो एसओ भी जिम्मेदार : डीएम
पडरौना। डीएम रिग्जियान सैंफिल कहते हैं कि यह बिल्कुल सही है कि फोरलेन पर चालक मनमाने तरीके से वाहनों को खड़ा कर दे रहे हैं, जिससे हादसे हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे वाहनों को सीज करने और चालकों के खिलाफ कार्रवाई के लिए आज ही फिर से वायरलेस के माध्यम से आदेश जारी किया जाएगा। इस आदेश के बाद अगर किसी थाना क्षेत्र में ऐसे वाहनों के चलते हादसा हुआ तो उसके लिए वहां के एसओ को भी जिम्मेदार माना जाएगा और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
कोहरे से दुर्घटना का भय
कसया। बीते चार दिनों से शाम होते ही शुरू हो जाने वाले कोहरा के कारण सड़कों पर दुर्घटना का भय बना हुआ है। विशेषकर फोरलेन पर बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण और समस्या है। कसया फोरलेन पर स्काईओवर पर कुशीनगर जाने वाले मार्ग की ओर, फोरलेन और एनएच 28 बी की क्रांसिग पर और गोपालगढ़ गांव के समीप बाईपास और फोरलेन के मिलन बिंदु पर हादसों का भय बना हुआ है। इन स्थानों पर अक्सर भारी वाहन बेतरतीब खड़े रहते हैं। स्काईओवर के नीचे और सर्विस लेन पर बेमरतीब खड़े वाहनों की भरमार है। कारण की यहां पर दर्जनों की संख्या में गैरेज और ट्रांसपोर्ट स्थित हैं।