पडरौना। सोमवार को जिले भर से आए भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारियों ने कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपाइयों ने 15 मांगाें को लेकर धरना दिया। गन्ना किसानों की समस्याओं पर नाराजगी जताते हुए प्रदेश सरकार को जमकर कोसा। वहीं महंगाई के मुद्दे पर केंद्र सरकार पर भी जमकर बरसे।
सोमवार को जिला मुख्यालय पर जुटे भाजपाइयों ने नारेबाजी करते हुए गन्ना किसानों की समस्याओं पर शासन और प्रशासन की जमकर आलोचना की। भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष उपेंद्र दत्त शुक्ल ने कहा कि कभी गन्ना बोकर किसान खुशहाल रहते थे। आज सरकार की गलत नीतियों के कारण गन्ना किसान तबाह हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने पूंजीपतियों के आगे घुटने टेक दिए हैं। इसका खामियाजा किसानों और मजदूरों को भुगतना पड़ रहा है। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि खुद को किसानों का हितैषी बताने वाली सपा की सरकार में सबसे ज्यादा परेशान किसान ही हैं। जो गन्ना मूल्य इस सरकार ने निर्धारित किया है, उससे तो किसान अपनी उपज की लागत भी नहीं निकाल सकता। उन्होंने महंगाई और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर केंद्र सरकार पर भी जमकर हमला बोला। भाजपा नेता राजेश पांडेय ने कहा कि चुनाव के समय सपा ने किसानों को खूब सब्जबाग दिखाया। जब किसानों को सहूलियत देने की बारी आई तो उनके साथ छल किया गया। उन्होंने किसानों के मुद्दे पर वृहद आंदोलन चलाने पर जोर दिया। पूर्व विधायक सुरेंद्र शुक्ल और नंद किशोर मिश्र तथा जगदीश मिश्र उर्फ बाल्टी बाबा, मदन गोविंद राव ने भी गन्ना किसानों की समस्याओं पर प्रदेश सरकार को जमकर कोसा। धरने को पूर्व विधायक श्रीनारायन उर्फ भुलई भाई, पूर्व विधायक दीपलाल भारती, भाजपा के क्षेत्रीय मंत्री अजय तिवारी, डॉ. निलेश मिश्र, जिला महामंत्री अजय राय, जिला उपाध्यक्ष जयप्रकाश उपाध्याय, राधेश्याम दीक्षित, बैरिस्टर जायसवाल, मारकंडेय शाही, विजय प्रकाश दीक्षित आदि ने भी संबोधित किया। अध्यक्षता भाजपा के जिलाध्यक्ष लल्लन मिश्र और संचालन जिला महामंत्री जयप्रकाश शाही ने किया। इस मौके पर हाटा के पूर्व विधायक कुबेर भंडारी भी भाजपा के मंच पर नजर आए। इस दौरान भाजपा के जिला मंत्री मारकंडेय शाही, आलोक तिवारी, रजनीकांत मणि त्रिपाठी, जिला मीडिया प्रभारी धनंजय तिवारी, प्रदीप पांडेय, बंका सिंह, धनंजय, संजय मिश्र, गिरीश चंद्र चतुर्वेदी, रमेश चंद्र, जेके सिंह, विकास चौबे, नंद किशोर नाथानी, अमरचंद जायसवाल, श्याम मुरली मनोहर मिश्र, रामप्रताप सिंह, विजय शंकर तिवारी, ओमप्रकाश, रामचंद्र आदि मौजूद थे।
इस दौरान भाजपाइयों ने गन्ना मूल्य बढ़ाने, बंद चीनी मिलों को चलाने, कृषि को उद्योग का दर्जा देने, बकाए गन्ना मूल्य का भुगतान कराने, प्रेरकों का नवीनीकरण कर उन्हें मानदेय दिए जाने, पडरौना चीनी मिल के मजदूरों को बकाए वेतन का भुगतान कराने, धान क्रय केंद्रों को सक्रिय करने, जिला सहकारी बैंक को चलवाने, बिजली कटौती को बंद करने, पडरौना रेलवे स्टेशन के रैक प्वाइंट को चालू कराने और यहां से लंबी दूरी की ट्रेनों को चलाने, जिले की खस्ताहाल सड़काें की मरम्मत कराने और कानून-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने की मांगों का ज्ञापन एसडीएम को देकर धरना समाप्त किया।