तुर्कपट्टी। राउतपार के बाबू टोला गांव में शनिवार की रात को बदमाशों ने एक घर में घुसकर करीब दो लाख के जेवरात और 15 हजार नकदी लूट ली। दुस्साहस दिखाते हुए बदमाशों ने घर के दो-दो फाटकों को तोड़ दिया और 100 मीटर दूर गन्ने के खेत में लूटे गए माल का बंटवारा भी कर लिया।
घर के मालिक ओमप्रकाश सिंह घर में अकेले सोए हुए थे। उनके परिवार के अन्य सदस्य दूर रिश्तेदार के घर किसी कार्यक्रम में भाग लेने गए थे। आधी रात के वक्त बदमाश पीछे का दरवाजा तोड़ घर में घुस आए और एक कमरे में रखे 15,000 नकद ले लिए। बदमाशों ने एक-दूसरे कमरे का भी दरवाजा तोड़कर उसमें रखी चार अटैचियां उठाकर चलते बने। घर से एक सौ मीटर दूर एक गन्ना के खेत में बदमाशों ने अटैची से कीमती सामान ले लिया और कपड़े आदि खेत में ही छोड़कर चलते बने। गृहस्वामी को घटना की जानकारी सुबह जगने पर हुई। गृहस्वामी के अनुसार अटैचियों में जेवरात और अन्य कीमती सामान रखे हुए थे। थाने में दी गई तहरीर में दो लाख का सोना और नकद लूटने की बात कही गई है। घटना की सूचना पाकर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। चर्चा के अनुसार घटना में लिप्त बदमाशों के स्थानीय होने का अंदेशा जताया जा रहा है। प्रभारी थानाध्यक्ष ब्रजेश पटेल ने बताया कि पुलिस घटना की तह में पहुंच चुकी है। जल्द ही घटना का खुलासा होगा।