सेवरही। कपड़ा व्यवसायी अशोक नाथानी के पुत्र धीरज नाथानी का चौथे दिन शनिवार को भी पता नहीं चल सका है। धीरज अपने पिता के व्यवसाय में हाथ बंटाते थे। पुलिस की टीम बिहार तक चक्कर काट आई, पर उसे कोई सफलता नहीं मिल पाई। वहीं अगवा व्यवसायी के परिवारीजनों की चिंता बढ़ती जा रही है। जबकि पुलिस क्षेत्राधिकारी का कहना है कि पुलिस टीमें घटना के पर्दाफाश के लिए पूरी कोशिश कर रही हैं।
मंगलवार की देर शाम कस्बे के गांधी नगर मोहल्ले से कपड़ा व्यवसायी अशोक नाथानी के पुत्र धीरज को चारपहिया वाहन सवार बदमाशों ने अगवा कर लिया था। पुलिस की कई टीमें धीरज का पता लगाने में जुटी हैं। पहले तो संदेह के आधार पर पुलिस ने क्षेत्र के कुछ संदिग्धों को उठाकर उनसे पूछताछ की। पुलिस ने बिहार के कुछ संदिग्धों से भी राज जानने की कोशिश की। पर पुलिस को अब तक इस घटना से जुड़ा कोई सुराग नहीं मिल पाया है जिससे धीरज का पता चल सके। जैसे-जैसे समय बीत रहा है, अगवा व्यवसायी के परिवारीजनों की चिंता बढ़ती जा रही है। धीरज की पत्नी का रोते-रोते हाल बेहाल है।