पिपरा बाजार। जटहां बाजार क्षेत्र के हिरनही गांव के सवांगीपट्टी टोला में रविवार की दोपहर आग लगने से छह लोगों के झोपड़ियां जल गईं। इस घटना में चार बकरियां जलकर मर गईं। वहीं पीड़ितों की नकदी, कपड़े सहित कई सामान भी राख हो गए। गांववालों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने के कारण का पता नहीं चल सका। वहीं इसी इलाके के मंसाछापर में भी आग से कई लोगों को क्षति पहुंची है।
रविवार की दोपहर में इस गांव के सुग्रीव की रिहायशी झोपड़ी में आग लग गई। जब तक आसपास के लोग आग पर काबू पाते, तब तक बगल की रामधारी और जनार्दन की भी झोपड़ियां आग की चपेट में आ गईं। थोड़ी ही देर में रामाकांत और शंकर की भी झोपड़ियां जलने लगीं। अगलगी से गांव में अफरातफरी मच गई। लोग भागकर आग पर काबू पाने के कोशिशों में जुट गए। उसी बीच सूचना पाकर पुलिस और फायर ब्रिगेड के जवान मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक गांववाले आग पर काबू पा चुके थे।
वहीं एक अन्य खबर के मुताबिक रविवार को दिन में दस बजे मंसाछापर के बाबूराम गौड़ की रिहायशी झोपड़ी में कौड़ा की चिंगारी से आग लग गई। बाबूराम का युवा बेटा संतोष आग बुझाने के प्रयास में झुलस गया। फिर भी आग पर काबू नहीं पाया जा सका और बगल की उमेश गोंड की झोपड़ी भी उसकी चपेट में आ गई। बगल के व्यास पांडेय के पक्के मकान में भी खिड़की रास्ते आग की लपटें पहुंच गईं। इससे उनके कई सामान जल गए। गांववालों ने काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया।