कसया। कुशीनगर विधानसभा क्षेत्र के साखोपार और शिवपुर मंडल के बूथ और सेक्टर की 99 इकाइयाें के क्रियाकलापों की समीक्षा की गई। समीक्षा पश्चात भाजपा पदाधिकारियों ने बूथ और सेक्टर प्रभारियों को कमियों को दुरुस्त कर संगठन को मजबूत बनाए जाने का निर्देश दिया। कहा कि मिशन 2014 के लिए कमियों के अनुरूप सुधार अब जरूरी है। धान क्रय नहीं होने पर नाराजगी जताते हुए आंदोलन शुरू करने की रणनीति बनाई गई।
रविवार को शिवपुर बाजार में जिलाध्यक्ष लल्लन मिश्र की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में गोरक्ष प्रांत के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची के लगातार निरीक्षण और कमियों के अनुरूप सुधार और मतदाताओं से संपर्क, युवा मतदाताओं को पार्टी से जोड़ने समेत कई सुझाव दिए। संगठन के गोरक्ष प्रांत महामंत्री चिंरजीवी चौरसिया ने कहा कि कार्यकर्ता संगठन की धुरी हैं। गोरक्ष प्रांत विधि प्रकोष्ठ के संयोजक रजनीकांत मणि त्रिपाठी ने कहा कि भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है, जिसमें बूथ स्तर के कार्यकर्ता राष्ट्रीय स्तर की राजनीति का सफर तय किया है। बैठक में जनसमस्याओं को लेकर विशेषकर धान खरीद नहीं होने के लिए आंदोलन करने पर चर्चा हुई। पूर्व विधायक राजेश पांडेय, विधानसभा प्रभारी अवधेश प्रताप सिंह, राधेश्याम दीक्षित, जयप्रकाश शाही, अनिल प्रताप राव आदि पदाधिकारियों ने अपने-अपने विचार व्यक्त करते हुए सांगठनिक ढांचे को मजबूत करने के लिए जमीनी स्तर पर काम करने पर जोर दिया। बैठक में प्रदीप पांडेय, ओमप्रकाश गुप्ता, सुनील चौहान, त्रिलोकीनाथ तिवारी आदि कई कार्यकर्ता शामिल रहे।