कसया। बारिश ने कसया के एनएच 28 बी पर स्थित लोहियवां पुल के एप्रोच की गुणवत्ता की पोल खोल दी है। तीन माह पूर्व बना पुल का एप्रोच पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। एप्रोच की सड़क पर एक-एक फुट गड्ढे हादसों की वजह बन सकते हैं। इस सड़क पर लोगों का यात्रा करना मुश्किल हो गया है।
जून माह के अंत में जब पुल के एप्रोच का निर्माण हो रहा था, तभी लोगों ने इसकी गुणवत्ता को लेकर सवाल उठाया था, पर अधिकारियों ने मामले की अनदेखी कर दी। बनने के साथ एप्रोच टूटना शुरू हो गया। दो दिनों की बारिश से पूरी तरह क्षतिग्रस्त सड़क ने गुणवत्ता की पूरी पोल खोल दी। स्थिति यह है कि इन दिनों वाहन या पैदल सड़क पर यात्रा करना मुश्किल भरा हो गया है। यदि लोग संभलकर यात्रा न करें तो दुर्घटना हो सकती है। लोहियवा पुल से थोड़ी दूर स्थित इटहिया पुल के एप्रोच का भी यही हाल है। दोनों पुलों के बीच स्थित सड़क भी जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गई है। कई स्थानों पर जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं। सड़क के क्षतिग्रस्त होने से सबसे ज्यादा परेशानी छात्रों को है। कुशीनगर के कई कॉलेजों में रोजाना सैकड़ों की संख्या में छात्र पढ़ने के लिए इस सड़क से गुजरते हैं। नागरिक बैरिस्टर कुशवाहा, अशोक सिंह का कहना है कि खराब गुणवत्ता के कारण ही सड़क टूट रही है। छात्र राजन, प्रियेश, राहुल, गौतम आदि ने प्रशासन से सड़क निर्माण की मांग की है।
कोट
जांच कराई जाएगी। यदि गुणवत्ता खराब निकली तो ठेकेदार पर कार्रवाई होगी। जल्द सड़क की मरम्मत कराई जाएगी।
एके गुप्ता, अधिशासी अभियंता, एनएच 28 बी