हाटा। उपनगर के पूर्वी छोर पर स्थित नहर के पास देसी शराब की दुकान खुलने से आसपास के लोगों में नाराजगी है। बुधवार को इस दुकान को हटवाने लिए लोगों ने धरना दिया। एसडीएम हाटा के निर्देश पर नायब तहसीलदार ने मौके पर जाकर लोगों को आश्वासन दिया, तब धरना समाप्त हुआ।
कस्बे के केन यूनियन चौराहे के पास नहर के बगल में देसी शराब की दुकान एक अप्रैल से खोली गई है। जब लोगों को इसकी जानकारी हुई, तभी इसका विरोध शुरू हो गया। मुहल्ले के राजेश यादव ने इसे हटवाने के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र दिया। दुकान नहीं हटने से नाराज लोग बुधवार को धरने पर बैठ गए। लोगों का कहना था कि जहां दुकान खोली गई है, उससे सौ मीटर के अंदर एक विद्यालय और दो मंदिर भी हैं। बाद में नायब तहसीलदार ने मौके पर पहुंच कर ज्ञापन लिया और धरना समाप्त कराया। इस मौके पर ज्ञानेश सिंह, कृष्ण मुरारी जायसवाल, जयप्रकाश सिंह, चंदन राव, ईश्वर शरण मिश्र, ध्रुव यादव आदि मौजूद थे।