पडरौना। जेई व एईएस टीकाकरण से वंचित एक से पंद्रह साल तक के बच्चों को टीका लगाने के उद्देश्य से बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट के मीटिंग हाल में बैठक हुई। डीएम ने टीकाकरण से वंचित बच्चों को चिह्नित कर दिसंबर में जेई/एईएस के टीके लगाने के निर्देश दिए।
बृहस्पतिवार को डीएम रिग्जियान सैंफिल ने सभी एएनएम को 30 नवंबर तक अपने-अपने क्षेत्र के एक से पंद्रह साल तक के उन सभी बच्चों को चिह्नित करने का निर्देश दिया जिन्हें जेई/एईएस का टीका नहीं लग पाया है। ऐसे बच्चों की सूची वह अपने ब्लाक स्तर के चिकित्साधिकारी को उपलब्ध कराएंगी। यहां से रिपोर्ट सीएमओ को दी जाएगी। उन्होंने बताया कि इस सिलसिले में 29 नवंबर को फिर मीटिंग होगी। दो पालियों में होने वाली इस मीटिंग में टीकाकरण के बारे में विस्तृत चर्चा की जाएगी।
डीएम ने यह भी बताया कि टीकाकरण बुधवार और शनिवार को पूर्व की भांति होता ही रहेगा। इसमें जेई/एईएस के भी टीके लगाए जाएंगे। इसके अलावा सोमवार को भी जेई/एईएस का टीका सभी केंद्रों पर लगाया जाएगा। उन्हाेंने बताया कि जेई/एईएस की रोकथाम के लिए पहली दिसंबर से 31 दिसंबर तक टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा।
बैठक में सीएमओ डॉ. एसके गुप्ता, एसीएमओ डॉ. लालता प्रसाद, एसीएमओ डॉ. एसके पांडेय, डीएमओ एसएन पांडेय आदि मौजूद रहे।