फाजिलनगर। सीएमओ डा. एसके गुप्ता ने रविवार को फाजिलनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। शाम के चार बजे पहुंचे सीएमओ ने स्वास्थ्यकर्मियों के आवासों पर बैठी आशा बहुओं को कार्रवाई करने की चेतावनी दी। उन्होंने लेबर रूम, दवा काउंटर आदि का भी निरीक्षण किया।
सीएमओ सबसे पहले स्वास्थ्यकर्मियों के लिए बने आवासाें पर गए, जहां कुछ आशा बहुएं बैठकर आपस में बातें कर रही थीं। उन्हाेंने आशाओं को चेतावनी दी कि यदि आइंदा स्वास्थ्यकर्मियों के आवास पर बैठे देखा गया तो कार्रवाई जरूर होगी। इसके बाद उन्हाेंने लेबर रूम का निरीक्षण किया। जननी-शिशु सुरक्षा योजना के तहत प्रसूताओं के लिए बनने वाले भोजन का निरीक्षण करने के बाद उन्होंने खाने में हरी सब्जियों का इस्तेमाल अनिवार्य रूप से करने का निर्देश दिया। सीएमओ ने चेतावनी दी कि यदि किसी प्रसूता को डायरिया होता है तो स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। सीएमओ ने दवा के स्टाक का जायजा लिया। यहां तैनात फार्मासिस्ट रामनरेश राय का स्थानांतरण हो चुका है लेकिन न्यायालय के स्थगन आदेश के कारण वे इस अस्पताल पर ड्यूटी कर रहे हैं। सीएमओ ने फार्मासिस्ट के कार्यों और दवा की उपलब्धता के बारे में पूछताछ की। तकरीबन डेढ़ घंटे तक अस्पताल का जायजा लेने के बाद सीएमओ लौट गए।