धनतेरस पर खरीदारी को बाजारों में उमड़ी भीड़
बाइक शोर रूम पर सुबह सात बजे से पहुंचने लगे लोग
आभूषण की खरीदारी में महिलाओं ने दिखाई रुचि
अमर उजाला ब्यूरो
पडरौना। धनतेरस के अवसर पर सोमवार को पडरौना नगर के बाजार गुलजार रहे। सुबह से ही गृह सज्जा और आभूषण की दुकानों पर भारी भीड़ जुटने लगी। लोगों ने धनतेरस पर जमकर खरीदारी की। विभिन्न कंपनियों के बाइक, ट्रैक्टर, कार और अन्य वाहनों के शो रूम से भी खरीदारी के लिए दिन भर लोगों की भीड़ लगी रही।
सुबह सात बजते-बजते शहर में स्थित सभी बाइक शो रूम सजकर तैयार थे। लोगों की मांग को देखते हुए डीलर्स ने बाहर टेंट लगवाकर गाड़ियां रखवाईं थीं। शोरूम में काम करने वाले कारीगर भी डिमांड को देखते हुए गाड़ियों में एसेसरीज लगाने में जुटे हुए थे। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, बाजार में भीड़ बढ़ने लगी।
दोपहर तक बर्तन, आभूषण और इलेक्ट्रानिक्स की दुकानों पर खड़ा होने की जगह नहीं बची। हालांकि दुकानदारों ने इसके लिए पहले से ही पूरी तैयारी कर रखी थी। हर दुकान पर अतिरिक्त आदमी लगाए गए थे, लेकिन ग्राहकों की भीड़ को संभालना मुश्किल हो रहा था। दुकानदारों के मुताबिक महंगाई के चलते ग्राहकों ने इस बार अपेक्षाकृत सस्ते सामानों की खरीद में ज्यादा रुचि दिखाई। महिलाओं ने आभूषणों की खरीद में खूब रुचि दिखाई। शहर के सराफा की दुकानों में महिलाओं की भीड़ नजर आई। दुकानदारों के मुताबिक पायल, बिछिया से लगायत गले का हार, कान की बाली व झुमका तक की खरीदारी महिलाओं ने की। बर्तन के दुकानदारों के मुताबिक पिछले कुछ वर्षों से तांबा, फूल व पीतल के बर्तनों की बिक्री घटी है। इस साल भी स्टील के बर्तनों की डिमांड खूब रही। लोगों ने अधिकांश नियमित उपयोग के बर्तनों की खरीद में रुचि दिखाई। बाजार में हर आय वर्ग के ग्राहकों की भीड़ थी। देर शाम तक बाजार ग्राहकों से भरे पड़े थे।