स्वास्थ्य मेले में लोकगीत प्रस्तुत करते अजय गीरी।
- फोटो : अमर उजाला
पडरौना। ‘स्वास्थ्य परीक्षण कराईल, अवसर बा आईल, अमर उजाला की पहल रंग लाईल बा, जाके सबके बताई द’ गीत ने सोमवार को स्वास्थ्य शिविर में आए लोगों का ध्यान बरबस की खींच लिया। यह आवाज थी लोक गायक अजय गिरी की, जो अपनी गीत के माध्य से लोगों को स्वास्थ्य पर्यावरण और सफाई के प्रति सचेत कर रहे थे। उनकी गीतों में अमर उजाला की प्रशंसा थी तो लोगों के लिए संदेश भी, जिसका लोगों ने तालियों से स्वागत किया।
अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से दुदही क्षेत्र के ठाढ़ीभार गांव की मुसहर बस्ती के प्राथमिक स्कूल पर आयोजित स्वास्थ्य मेले में सुबह आठ से ही भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। आसपास के गांव दुदही, बांसगांव, शाहपुर ऊंचकी पट्टी, शाहपुर खलवा पट्टी, विजयपुर, पृथ्वीपुर, विशुनपुर, बरिया पट्टी, गुरुवलिया आदि मुसहर बस्तियों के लोगों को एबुलेंस से स्वास्थ्य मेले में लाया गया था। डीएम डॉ. अनिल कुमार सिंह और सीएमओ डॉ. हरिचरण सिंह के साथ अफसरों को दल साढ़े दस बजे मेले में पहुंचा। उन्होंने मुसहर बस्ती के लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सचेत किया। भाजपा जिलाध्यक्ष जेपी शाही, पूर्व जिलाध्यक्ष लल्लन मिश्रा, सपा जिलाध्यक्ष इलियास अंसारी, विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष दिग्विजय किशोर शाही, प्रधान प्रतिनिधि जयप्रकाश यादव, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि ओम प्रकाश वर्मा ने अमर उजाला की इस पहल की सराहना की। लोक गायक अजय गिरी के साथ ही विकास सरगम ने गीतों के माध्यम से इंसेफेलाइटिस जैसी गंभीर बीमारी के प्रति लोगों को जागरूक किया। विकास सरगम के गीत ‘निर्धन के रोग न दीहा, ये विधाता’ में छुपे दर्द को सुन मेले में पहुंचीं गरीब महिलाओं की आंखें भर आईं।