कुशीनगर। छोटी गंडक नदी में मुड़िला हरपुर गांव के सामने अड़ार टूटने की वजह से दब कर मरे शख्स का शव बुधवार को सुबह नदी में बहता मिला। कप्तानगंज पुलिस ने शव को निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। विधायक के अलावा कई वरिष्ठ अफसरों ने पीड़ित के घर जाकर शोक संवेदना जताई और सरकारी मदद का भी आश्वासन दिया।
सोमवार की रात 10 लोग नदी में बालू खनन का कार्य कर रहे थे। इस दौरान अचानक अड़ार टूटकर गिरने से तीन लोग दब गए थे। दो लोग तो बाहर निकाल लिए गए लेकिन 45 वर्षीय मदन पुत्र बिरझन साहनी लापता हो गए थे। शव भी नहीं मिला था। बुधवार को सुबह लोगों ने मदन का शव नदी में बहता देखकर कप्तानगंज पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रामकोला के विधायक रामानंद बौद्ध, एसडीएम हाटा अजय नारायण सिंह, तहसीलदार हाटा हरिश्चंद्र त्रिपाठी आदि मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारीजनों को ढांढस बंधाने के अलावा सरकारी मदद दिलाने का भरोसा दिलाया। एसओ आरके यादव ने कहा कि अभी परिवार के लोगों की तरफ से थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर के आधार केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।