पउरौना। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण का कार्य जिले में तेजी से कराया जा रहा है। इसमें बीएलओ घर-घर गणना प्रपत्र वितरित कर 2003 की मतदाता सूची से मैपिंग का कार्य कर रहे हैं। जिले में 81 प्रतिशत मतदाताओं के फार्म डिजिटाइजेशन का कार्य पूरा कर लिया गया है। वहीं निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची प्रकाशन और दावे-आपत्तियों की तिथि बढ़ाई दी है।
डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि जिले के कुल 26,95,030 मतदाताओं में से 21,82,093 मतदाता अपने प्रपत्र जमा कर चुके हैं। 81 प्रतिशत प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन पूरा हो गया है। 5,12,596 मतदाताओं को एएसडी (अनुपस्थित, शिफ्टेड व मृत्यु) श्रेणी में चिह्नित किया गया है। यह संख्या कुल मतदाताओं के 19 प्रतिशत के बराबर है, जिनकी विस्तृत जांच की जा रही है।
डीएम ने कहा कि जिन मतदाताओं ने अब तक अपने गणना प्रपत्र वापस नहीं किए या जिनमें दोहरी प्रविष्टि, पता परिवर्तन या मृत्यु जैसी स्थितियां पाई गईं, उनके प्रपत्र एएसडी के रूप में दर्ज किए गए हैं। डीएम ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने एसआईआर-2026 की समय-सीमा बढ़ाते हुए नई तिथियां घोषित की हैं। उसके अनुसार मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन 31 दिसंबर निर्धारित की है। इसी तरह दावे/आपत्तियों की अवधि 31 दिसंबर से 30 जनवरी तक, नोटिस, सुनवाई एवं निस्तारण 21 दिसंबर से 21 फरवरी और अंंतिम मतदाता सूची प्रकाशन की तिथि 28 फरवरी 2026 की है।