बोर्ड परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करते डीएम महेंद्र सिंह व एसपी केशव कुमार।स्रोत-सोशल मीडिया
पडरौना। जिले के 194 परीक्षा केंद्रों पर बुधवार को दो पालियों में शांतिपूर्ण माहौल में बोर्ड परीक्षा शुरू हुई। परीक्षा के पहले दिन हाईस्कूल के 3310 और इंटर के 4414 इंटर परीक्षार्थी समेत कुल 7,724 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। हालांकि, कड़ी सुरक्षा के बीच 100435 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। किसी भी केंद्र पर कोई भी परीक्षार्थी नकल करते नहीं पकड़ा गया। परीक्षा के दौरान एक परीक्षा केंद्र पर तैनात वाह्य केंद्र व्यस्थापक की तबीयत दूसरी पाली में खराब हो गई, उन्हें रिलीव कर वहां दूसरे वाह्य केंद्र व्यवस्थापक को भेजा जाएगा।
परीक्षा संचालन के लिए जिले में बनाए गए 194 परीक्षा केंद्रों पर बुधवार को प्रथम पाली में हाईस्कूल की हिन्दी विषय की परीक्षा हुई। इसमें 58,282 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इसमें से 54972 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 3310 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। वहीं, दूसरी पाली में इंटर की हिन्दी और सामान्य हिन्दी विषय की परीक्षा हुई। इसमें पंजीकृत 49877 परीक्षार्थियों में से 45463 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल, जबकि 4414 परीक्षार्थियों ने परीक्षा के पहले दिन ही परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में शांति पूर्वक माहौल में संपन्न हुई। किसी भी परीक्षा केंद्र पर नकल करते हुए कोई भी परीक्षार्थी नहीं पकड़ा गया।
जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में बने जिला स्तरीय कंट्रोल रूम से परीक्षा की हर गतिविधियों पर नजर रखा गया। परीक्षा देने आने वाले छात्रों की केंद्र के अंदर प्रवेश करने से पूर्व गहनता से तलाशी ली गई। आपत्तिजनक वस्तु न मिलने के बाद ही उन्हें अंदर प्रवेश दिया गया। वहीं डीएम और एसपी समेत परीक्षा की निगरानी के लिए जिले में नामित सभी एसडीएम अपने-अपने क्षेत्र के जोनल मजिस्ट्रेट और 22 सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमण कर परीक्षा की हर गतिविधियों पर नजर रखे रहे।
हालांकि दूसरी पाली की परीक्षा के अंतिम समय में श्रीमती फूला देवी इंटर कॉलेज तुर्कडीहा में वाह्य परीक्षा केंद्र के रूप में तैनात नेहरू इंटर कॉलेज के वरिष्ठ शिक्षक अवधेश पांडेय की तबीयत अचानक खराब हो गई। उन्हें रिलीव कर दिया गया है। विभाग की तरफ से उनके स्थान पर दूसरे वाह्य केंद्र व्यवस्थापक को भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
बोर्ड परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करते डीएम महेंद्र सिंह व एसपी केशव कुमार।स्रोत-सोशल मीडिया
बोर्ड परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करते डीएम महेंद्र सिंह व एसपी केशव कुमार।स्रोत-सोशल मीडिया