पडरौना। यूपी बोर्ड परीक्षा के तीसरे दिन प्रथम पाली में हाईस्कूल सामाजिक विज्ञान व इंटर कृषि शस्य विज्ञान और द्वितीय पाली में इंटर अंग्रेजी विषय की परीक्षा हुई। इसमें पंजीकृत कुल 1,06,037 परीक्षार्थियों में से 98,413 शामिल हुए। जबकि 7624 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। तीसरे दिन भी किसी भी केंद्र पर अनुचित साधन के प्रयोग की सूचना नहीं मिली। सभी केंद्रों पर शांतिपूर्ण माहौल में परीक्षा हुई।
बोर्ड परीक्षा के तीसरे दिन शुक्रवार को दोनों पालियों में जिले के सभी केंद्रों पर परीक्षा संपन्न हुई। प्रथम पाली में हाईस्कूल के सामाजिक विज्ञान विषय की परीक्षा में 58,247 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इसमें से 54,930 परीक्षा परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 3317 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। वहीं इस पाली में हुई इंटर की कृषि शस्य विज्ञान की परीक्षा में पंजीकृत 194 परीक्षार्थियों में 178 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 16 परीक्षार्थी परीक्षा में अनुपस्थित रहे। इसी तरह दूसरी पाली में इंटर की अंग्रेजी की परीक्षा में पंजीकृत 47,596 परीक्षार्थियों में 43,305 परीक्षार्थी दिए, जबकि 4291 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा के दौरान किसी भी परीक्षा केंद्र पर अनुचित साधन प्रयोग करते हुए कोई भी छात्र नहीं पकड़ा गया। डीआईओएस श्रवण कुमार गुप्ता ने बताया कि बोर्ड परीक्षा के तीसरे दिन भी किसी भी परीक्षा केंद्र पर नकल करते हुए कोई भी परीक्षार्थी नहीं पकड़ा गया है। एक परीक्षा केंद्र पर तैनात स्टैटिक मजिस्ट्रेट के चाचा का निधन हो गया है। उनके जगह पर दूसरे स्टैटिक मजिस्ट्रेट को भेजा गया गया है।
0
इंडियन पब्लिक स्कूल के बदले गए स्टैटिक मजिस्ट्रेट
पडरौना। जिले के भैरोगंज तितला स्थित इंडियन पब्लिक स्कूल परीक्षा केंद्र पर तैनात सुकरौली के विपणन निरीक्षक विकास गुप्ता के चाचा का निधन हो गया। इसकी वजह से उन्हें कार्यमुक्त कर उनके स्थान पर विष्णु प्रताप सिंह एडीओ एजी हाटा को स्टैटिक मजिस्ट्रेट बनाया गया है। डीआईओएस श्रवण कुमार ने बताया कि इंडियन पब्लिक स्कूल परीक्षा केंद्र पर तैनात रहे स्टैटिक मजिस्ट्रेट की जगह भेजे गए दूसरे स्टैटिक मजिस्ट्र को तत्काल प्रभाव से कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। आगे से उनकी देखरेख में परीक्षा संपन्न होगी। संवाद