72 नए लोग कोरोना से संक्रमित, 14 मरीज हुए स्वस्थ
- जिले में एक्टिव केस की संख्या बढ़कर हुई 469
- 4354 व्यक्तियों का सैम्पल कोरोना जांच के लिए भेजा गया
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में बृहस्पतिवार को भी इजाफा हुआ। इस महामारी से 72 नए लोग संक्रमित मिले हैं। इन्हें लेकर अब एक्टिव केस की संख्या 469 हो गई है। निरंतर खतरनाक होती स्थिति को ही देखते हुए डीएम ने जिले में रात्रिकालीन कर्फ्यू की घोषणा कर दी है।
सीएमओ डॉ. एनपी गुप्ता ने बताया कि बृहस्पतिवार को 4354 व्यक्तियों का सैम्पल कोरोना जांच के लिए भेज गया। शाम तक 2519 सैम्पल की रिपोर्ट प्राप्त हुई। इसमें 2447 निगेटिव और 72 पॉजिटिव केस हैं। संक्रमित मिलने वालों में पडरौना क्षेत्रं से 21, कप्तानगंज से पांच, सेवरही से चार, सुकरौली से एक, कुबेरस्थान से छह, तमकुही से दो, कसया से दो, खड्डा से आठ, रामकोला से एक, फाजिलनगर से तीन और अन्य क्षेत्रों से 19 लोग शामिल हैं। इस तरह अब तक कराई गई 414219 लोगों की जांच में 6333 लोग संक्रमित मिल चुके हैं। इनमें से बृहस्पतिवार को 14 लोग स्वस्थ पाए गए। उन्हें लेकर अब तक 5799 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। जबकि 65 मरीजों की इस महामारी से मौत हुई है। अब जिले में 469 एक्टिव मरीज हैं। सीएमओ ने बताया कि जिले में कोरोना संक्रमण दर 1.52 प्रतिशत, ठीक होने वालों की दर 91.56 प्रतिशत और मृत्यु दर 1.02 प्रतिशत है।
रामकोला सीएचसी एक दिन के लिए सील-
रामकोला। नगर पंचायत के एक अफसर व सीएचसी पर तैनात एक कर्मचारी की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके बाद सीएचसी को सैनेटाइज कराकर एक दिन के लिए बंद करा दिया गया है। चिकित्सा प्रभारी एपी गुप्ता ने बताया कि अस्पताल को 24 घंटे के लिए सील किया गया है। अस्पताल आने वाले लोगों को कोविड नियमों का ध्यान रखना चाहिए।
तीन कंटेनमेंट जोन बने
तमकुहीराज। कस्बे में लगातार कोरोना के मरीज मिल रहे हैं। बृहस्पतिवार को नगर पंचायत के एक अधिकारी सहित कस्बे के अलग अलग मुहल्लों में तीन लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। नगर पंचायत कर्मियों ने तीनों घरों के आगे बैरिकेडिंग करते हुए सैनिटाइजेशन किया। लोगों से अपील की गई कि अपने घरों में सुरक्षित रहें।
अभियंता की लखनऊ में मौत
उजारनाथ। तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के एक युवक की लखनऊ में कोविड संक्रमण के चलते मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि लखनऊ में ही युवक का अंतिम संस्कार कर दिया गया है।
लखनऊ में सरकारी विभाग में कार्यरत इस युवक ने सर्दी-बुखार होने पर खुद को आइसोलेट कर लिया था। हालत बिगड़ी तो एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। बुधवार को इलाज के दौरान वहीं मौत हो गई। स्थानीय प्रशासन को अभी इसकी सूचना नहीं मिली है।