पडरौना। जिला, क्षेत्र और ग्राम पंचायत के रिक्त पदों पर हुए मतदान के तीसरे दिन मंगलवार को कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना हुई। इस चुनाव में जिला पंचायत सदस्य के कसया और हाटा क्षेत्र में रिक्त चार पदों में दो पर भाजपा तो शेष दो पदों पर सपा और बसपा के उम्मीदवारों ने बाजी मारी। इसके अलावा बीडीसी सदस्य, ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्यों के मतों की भी गणना पूरी कर परिणाम घोषित कर दिया गया। डीएम और एसपी ने मतगणना स्थलों का जायजा लिया। चुनाव परिणाम आने के बाद विजयी उम्मीदवारों के खेमे में खुशी की लहर दौड़ पड़ी।
कसया प्रतिनिधि के अनुसार मालती पांडेय बालिका इंटर कॉलेज में प्रात: आठ बजे मतगणना शुरू हुई। इसके लिए कुल 15 काउंटर लगाए गए थे। मतगणना तीन चक्रों में पूरी हुई। नगर पालिका क्षेत्र के विस्तार के कारण रिक्त हुए जिला पंचायत क्षेत्र के वार्ड नंबर 37 पश्चिमी और वार्ड नंबर 39 मध्य के लिए 25 अगस्त को मतदान हुआ था। मतगणना के बाद वार्ड नंबर 37 कसया पश्चिमी से भाजपा समर्थित उम्मीदवार पुण्य प्रकाश तिवारी कुल 2411 मत पाकर विजयी हुए। इनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा के देंवेंद्र को 2132 मत मिले। वहीं वार्ड 39 मध्य के सपा समर्थित प्रत्याशी एनुल हक ने कुल 2119 मत पाकर जीत हासिल की। इसी दल से ताल्लुक रखने वाले पुरंदर प्रताप यादव 1951 मतों के साथ दूसरे स्थान पर रहे। मतगणना के दौरान वार्ड 37 पश्चिमी में 107 और वार्ड 39 मध्य में 118 मत अवैध मिले। विजयी प्रत्याशी पुण्य प्रकाश तिवारी और एनुल हक को डीएम डॉक्टर अनिल कुमार सिंह तथा एसपी अशोक कुुमार पांडेय की मौजूदगी में रिटर्निंग आफिसर मकसूदन दुबे ने परिणाम की घोषणा करते हुए प्रमाण पत्र दिया।
हाटा प्रतिनिधि के अनुसार जिला पंचायत क्षेत्र के वार्ड नंबर 32 और 33 के लिए कस्बे के श्रीगांधी स्मारक इंटर कॉलेज में मतगणना निर्धारित समय से एक घंटा विलंब से शुरु हुई। दोनों सीटों के लिए छह-छह टेबल लगाए गए थे। यहां तीन चरणों में मतगणना पूरी हुई।जिसमें करीब तीन घंटे लगे। हाटा दक्षिणी में कुल चार उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे थे। इनमें बसपा उम्मीदवार सुनील यादव को 2197 मत मिले। वह 726 वोटों से विजयी घोषित किए गए, जबकि सपा समर्थित उम्मीदवार कल्पनाथ 1471 मत पाकर दूसरे स्थान पर रहे। वहीं भाजपा समर्थित उम्मीदवार रामकृपाल को 861 मत और चंद्रशेखर को 278 वोट मिले। इसी तरह हाटा पश्चिमी से कुल तीन उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। भाजपा समर्थित शकुंतला देवी को 3426 मत मिले। उन्होंने अपने निकटतम निर्दलीय उम्मीदवार पवन को 1506 वोटों में हरा दिया। पवन को 1920 मत मिले। यहां सपा समर्थित उम्मीदवार रही तारा देवी को 826 मत मिले। डीएम और एसपी की मौजूदगी में एसडीएम दिनेश कुमार ने प्रमाण पत्र दिया।
रामकोला प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के धुंआटीकर और बैरिया गांव में प्रधानों की मृत्यु से खाली हुए पदों पर मतों की गणना मंगलवार को ब्लॉक कार्यालय पर हुई। बैरिया की प्रधान गीता देवी की मृत्यु के कारण रिक्त हुए पद के लिए मीरा, शन्नो किरण और संध्या सहित चार महिला प्रत्याशी चुनाव मैदान में थीं। मतगणना के बाद मीरा देवी विजयी घोषित हुईं। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्धी व पूर्व प्रधान की बहू शन्नो देवी को 136 मतों से पराजित किया। मीरा को 778, शन्नो को 642, किरण को 509 और संध्या को 20 मत मिले। वहीं धुंआटीकर में प्रधान श्रीनिवास शुक्ल के निधन से रिक्त पड़े प्रधान पद पर पूर्व प्रधान के पुत्र रितेश शुक्ल समेत चार लोग चुनाव मैदान में थे। इस चुनाव में रितेश शुक्ला ने अपने प्रतिद्वंद्वी अब्दुल्ला को 132 मतों से पराजित किया। धुंआटीकर में रितेश शुक्ला को 597, अब्दुल्ला को 465, अजय लाल को 361 और छोटेलाल को 67 मत मिले। दोनों विजयी प्रत्याशियों को आरओ ने बीडीओ आनंद प्रकाश की उपस्थिति में प्रमाण पत्र दिया।
।