पिपरा बाजार। बुधवार को विशुनपुरा ब्लॉक की पटेरहा बुजुर्ग ग्राम पंचायत में प्रधान पद का चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। यहां लगभग 71.9 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
पटेरहा बुजुर्ग में प्रधान पद के प्रत्याशी कमरुद्दीन अंसारी की मौत होने कारण यहां ब्लॉक की अन्य ग्राम पंचायतों के साथ नौ दिसंबर को मतदान नहीं हुआ था।
बुधवार की सुबह सात बजे गांव के जूनियर हाईस्कूल परिसर में बनाए गए बूथ पर मतदान शुरू हुआ। प्रधान पद के पांच प्रत्याशी मैदान में हैं। ग्राम पंचायत में मतदाताओं की कुल संख्या 2026 है। उनमें से 1457 लोगों ने वोट डाला।
मतदान केंद्र पर पडरौना के तहसीलदार नरेश चंद्र और नेबुआ नौरंगिया के एसओ निर्भय नारायण सिंह मौजूद थे। दोपहर के वक्त एसडीएम सदर गणेश प्रसाद सिंह भी मतदान केंद्र पर पहुंचे और व्यवस्था का जायजा लिया।