अहिरौली बाजार। कप्तानगंज ब्लॉक में स्थित गिदाहा चक बैरिया बिजली उपकेंद्र पर लगा पांच एमवीए का ट्रांसफाॅर्मर बुधवार की रात 11 बजे जल गया। इससे उपकेंद्र से जुड़े 62 गांवों की बिजली गुल हो गई। तीन दिनों से बिजली गुल होने के कारण क्षेत्र के लोगों में हाहाकार मच गया है। तीन दिन से लोग बिजली कटौती से बिलबिलाए हुए हैं और उपकेंद्र के अधिकारी सो रहे हैं।
गिदाहा चक बैरिया बिजली उपकेंद्र पर लगे पांच एमवीए के ट्रांसफाॅर्मर से शाहपुर, परतावल और बेलवा उर्फ बैरियां फीडरों के जरिए क्षेत्र के 62 गांवों को बिजली की सप्लाई की जाती है। बताया जा रहा जर्जर हो चुके पुराने ट्रांसफाॅर्मर को रिपेयर करके काम चलाया जा रहा था। ओवरलोड होते ही यह जल जाता है, जिससे लोगों को बार-बार तीन से चार दिनों तक बिजली के लिए तरसना पड़ता है। तीन दिनों से बिजली गुल होने के कारण जहां लोगों के दैनिक कार्य प्रभावित हो रहा है, वहीं मोबाइल भी चार्ज नहीं हो पा रहा है।
पानी के लिए मोटर नहीं चल पा रहे। क्षेत्र के उपभोक्ता कमलेश शर्मा, रामप्रीत सिंह, ठगई, ब्रह्मा सिंह, उपेंद्र सिंह, सदरेआलम, नितिन मद्धेशिया, अंगद मद्धेशिया, हेमंत यादव आदि ने बताया कि तीन दिनों से बिजली गुल है। इसकी आपूर्ति पर न तो जनप्रतिनिधि ध्यान दे रहे हैं और न ही उपकेंद्र के अधिकारी।
इस संबंध में एसडीओ कप्तानगंज सुनील कुमार पाल ने बताया कि उपकेंद्र का ट्रांसफॉर्मर बुधवार को रात करीब 11 बजे जल गया है। कप्तानगंज उपकेंद्र का क्षमतावृद्धि करने के बाद पांच एमवीए का ट्रांसफाॅर्मर अतिरिक्त पड़ा है, उसे लगाकर शनिवार शाम या रविवार को सुबह तक सप्लाई चालू कर दी जाएगी।