फाजिलनगर। पावानगर महावीर इंटर कॉलेज परिसर में रविवार को भाजपा अनुसूचित वर्ग का सम्मेलन हुआ। इसमें भाजपा सरकार की तरफ से अनुसूचित वर्ग के लोगों के लिए किए गए कार्यों की जानकारी दी गई। इस दौरान भाजपा नेता विपक्षी दलों पर हमलावर रहे।
भाजपा नेता शेषनाथ आचार्य ने कहा कि कांग्रेस, बसपा समेत अन्य पार्टियां अनुसूचित जाति के लोगों को अपना वोट बैंक बनाकर छलने का कार्य किया है। सत्ता में रहते एक भी ऐसा कार्य नहीं किया, जिससे दलित वर्ग के लोगों का भला हो सके।
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि डॉक्टर भीमराव आंबेडकर के नाम पर राजनीति करने वाले लोग वोट के लिए उनके नाम का लाभ तो उठाया, लेकिन उनके सम्मान में कोई कार्य नहीं किया। जबकि भाजपा की सरकार उनसे जुड़ी सभी जगहों को स्मारक बनवाकर उनका सम्मान बढ़ाने का कार्य किया है।
कार्यक्रम को क्षेत्रीय विधायक गंगासिंह कुशवाहा, जिलाध्यक्ष जेपी शाही, देवरिया जिलाध्यक्ष डॉक्टर अंतर्यामी सिंह, पूर्व विधायक दीपलाल भारती, विजय बहादुर दूबे, डॉ. पीके राय, रविंद्र प्रताप मल्ल, अजय राय, दीपराज खरवार, राधेश्याम पांडेय, रामबृक्ष गिरि, चंदप्रकाश चमन, बैरिस्टर जायसवाल, पुरुषोत्तम गुप्ता आदि ने संबोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष अनिरुद्ध खरवार और संचालन रामशंकर प्रसाद ने किया।