आठ घंटे तक गुल रही डेढ़ लाख घरों की बिजली
सुबह आठ बजे से शाम साढ़े चार बजे तक ठप रही बिजली आपूर्ति
फोटो है।
अमर उजाला ब्यूरो
पडरौना। जिले के लगभग डेढ़ लाख बिजली उपभोक्ताओं के लिए रविवार का दिन काफी दुष्कर रहा। वजह यह रही कि सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक उन्हें उमस भरी गर्मी में बिना बिजली के रहना पड़ा। लोग बिजली उपकेंद्रों पर कारण जानने का प्रयास करते रहे, लेकिन फोन पर जवाब नहीं मिल रहा था। शाम को लगभग साढ़े चार बजे बिजली आपूर्ति शुरू हो जाने के बाद लोगों ने राहत महसूस की।
प्रदेश सरकार की तरफ से शहरी क्षेत्रों को 24 घंटे और ग्रामीण क्षेत्रों को 18 घंटे बिजली देने का एलान किया गया है, लेकिन इसका पालन नहीं हो रहा है। रविवार को तो पडरौना और कसया दोनों डिवीजन की बिजली गुल रही। कसया प्रतिनिधि के अनुसार हाटा तहसील क्षेत्र के पट्टन में 220 केवी का विद्युत सब स्टेशन बना है, जिससे कसया विद्युत उपकेंद्र को जोड़ने के लिए रविवार को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक बिजली विभाग ने आपूर्ति बंद रखने का निर्णय लिया था। इसके चलते रविवार को सुबह से ही बिजली गुल रही। शनिवार को हुई बारिश के बाद रविवार को चिलचिलाती धूप असहनीय लग रही थी। ऐसे में बिजली कटौती ने हर उम्र के लोगों को बेहाल किए रखा। कसया के एसडीओ अवनीश श्रीवास्तव ने बताया कि कसया के 132 केवी के विद्युत उपकेंद्र को हाटा के पट्टन में बने 220 केवी विद्युत सब स्टेशन से जोड़ने के लिए 132 केवी की अलग से विद्युत लाइन बिछाने का काम चल रहा है। इस वजह से विद्युत आपूर्ति बाधित है।
विद्युत वितरण खंड पडरौना के एक्सईएन हंसराज कुमार कौशल ने बताया कि पडरौना डिवीजन के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्र में 64 हजार और शहरी क्षेत्र में 14 हजार उपभोक्ता हैं। लगभग इतने ही उपभोक्ता कसया डीवीजन में भी हैं। पट्टन से कसया तक नई विद्युत लाइन बिछाने के लिए आठ घंटे बिजली आपूर्ति ठप रखने का निर्णय लिया गया था। शाम को करीब साढ़े चार बजे बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।