पडरौना। मामूली विवादों के चलते बिखराव के कगार पर पहुंच चुके सात विवाहित जोड़े रविवार को महिला थाना परिसर में आपसी सहमति से फिर साथ रहने को राजी हो गए। सुलह-समझौता के बाद छह जोड़ों की विदाई कराई गई। एक और दंपती का विवाद सुलह-समझौता के साथ समाप्त किया गया।
महिला एसओ विभा पांडेय ने बताया कि पति-पत्नी के विवाद से संबंधित सात मामले परिवार परामर्श केंद्र में सुनवाई के लिए लाए गए थे। बातचीत शुरू कराई गई तो यह बात सामने आई कि इनके बीच कुछ नासमझी और परिवार के अन्य लोगों के हस्तक्षेप के चलते विवाद इस कदर बढ़ गया था। इसमें कसया थाना क्षेत्र के रामपुर हतवा निवासी जरीना खातून और जटहां बाजार थाना क्षेत्र के सोनवल दिवान गांव के असलम अंसारी, पडरौना कोतवाली क्षेत्र के गनेशी पट्टी निवासी साबिया खातून और इसी गांव के उनके पति मकबूल अली, कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के अमवा निवासी विभा देवी और इसी थाना क्षेत्र के अमवा बुजुर्ग निवा मोहन शर्मा, पडरौना नगर के तिलक नगर निवासी गुड़िया देवी और रवि प्रसाद, पडरौना कोतवाली क्षेत्र के जरार गांव की जड़ावती और कसया थाना क्षेत्र के साखोपार निवासी अरविंद चौहान और महाराजगंज जिले के कोठीभार निवासी उमा व उनके पति पडरौना कोतवाली क्षेत्र के जगजीवन के बीच विवाद को खत्म कराया गया। इसके अलावा पडरौना कोतवाली के कुरमौल निवासी मालती देवी और उनके पति विश्वम्भर के बीच के विवाद को समझा बुझाकर समाप्त कराया गया।