पडरौना (कुशीनगर)। क्षेत्र के चौराखास गांव के एक व्यक्ति की कुवैत में मौत हो गई है। इसकी सूचना आने के बाद से ही मृतक के घरवाले परेशान हैं। उन लोगों ने विदेश मंत्री को पत्र भेजकर शव घर भेजवाने के लिए प्रयास करने का आग्रह किया है।
पडरौना ब्लॉक के चौराखास गांव के निवासी महेश गोंड के 38 वर्षीय पुत्र अशोक रोजगार के सिलसिले में कुवैत में रहकर काम करते थे। अशोक की पत्नी चंपा देवी ने बताया कि उनके पति तीन वर्ष पहले कुवैत गए थे, जहां वह अबुहलिफा फाहिल रोड मंगाफ में काम कर रहे थे। आठ अक्टूबर को अचानक उनका शव कमरे में पाया गया। इसकी सूचना घर आने के बाद से ही उनके परिवार में मातम छाया हुआ है। चंपा देवी ने बताया कि उनके पति ही परिवार के एक मात्र कमाऊ सदस्य थे, इसलिए उनकी 18 वर्षीय पुत्री शीला, 17 वर्षीय पुत्र सूरज और 10 वर्ष के बेटे के भविष्य की चिंता सताने लगी है। उन्होंने बताया कि पति की मौत के पांच दिन बाद भी न तो उनका शव आया और न ही इस बारे में कोई सूचना मिली है। उन्होंने विदेश मंत्री को पत्र भेजकर अपने पति का शव घर भेजवाने के लिए प्रबंध करने का आग्रह किया है।