सोमाली कछुहिया गांव को सील कराते प्रशासन के लोग।
- फोटो : KUSHINAGAR
कुशीनगर में कोरोना के छह पॉजिटिव केस मिले, आठ ठीक हुए
पडरौना(कुशीनगर)। जिले में कोरोना के छह नए पॉजिटिव केस मिले हैं। शुक्रवार देर रात बीआरडी मेडिकल कालेज गोरखपुर से मिली रिपोर्ट के बाद कुल संक्रमितों की संख्या 162 हो गई है। इलाज के बाद स्वस्थ हुए आठ मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। एक्टिव मरीजों की संख्या 69 है।
सीएमओ डॉ. एनपी गुप्ता ने बताया कि बीआरडी मेडिकल कालेज से 205 सैंपल की मिली रिपोर्ट में छह पॉजिटिव और 199 निगेटिव है। पॉजिटिव केस खड्डा क्षेत्र के खैरी, कप्तानगंज क्षेत्र के खभराभार, असना और होलिया, हाटा क्षेत्र के सोमाली कछुहिया और पडरौना क्षेत्र के भटवलिया गांव के हैं। इनको लक्ष्मीपुर के एल-1 हास्पिटल में भर्ती करा दिया गया है।
सीएमओ ने बताया कि जिले में अब तक 6545 लोगों का सैंपल भेजा जा चुका है, जिनमें शनिवार शाम तक 5732 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई थी। 651 लोगों की रिपोर्ट अभी प्रतीक्षारत है। शनिवार को 222 संदिग्ध व्यक्तियों का सैंपल बीआरडी मेडिकल कॉलेज भेजा गया। उन्होंने बताया कि इलाज के बाद स्वस्थ होने पर आठ लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।