जिले के 198 केंद्रों पर उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षा बृहस्पतिवार को अलग-अलग पालियों में प्रारंभ हो गईं। प्रात:काल हाईस्कूल की हिंदी और प्रारंभिक हिंदी की परीक्षा में 6789 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा के पहले दिन ही यूपी बोर्ड की गड़बड़ी से परीक्षार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
जनपद के 286 माध्यमिक विद्यालयों में से 16 राजकीय, 55 अनुदानित सहित वित्तविहीन मान्यता प्राप्त विद्यालयों में प्रात: साढ़े सात बजे से हाईस्कूल की परीक्षा प्रारंभ हुई। हाईस्कूल में पंजीकृत 66484 परीक्षार्थियों में से 27956 बालक और 38528 बालिकाओं को परीक्षा देनी थी। इनमें से पहले ही दिन 6789 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। पडरौना नगर के उदित नारायण इंटरमीडिएट कॉलेज में नेहरू इंटरमीडिएट कॉलेज के छात्रों का परीक्षा केंद्र बनाया गया है। नेहरू इंटरमीडिएट कॉलेज का परीक्षार्थी गोरख भी हाईस्कूल की परीक्षा देने पहुंचा, लेकिन अंदर जाने पर उसे मालूम हुआ कि उसी के नाम का एक अन्य परीक्षार्थी कक्ष में परीक्षा देने बैठा है। उसे परीक्षा केंद्र से बाहर निकाल दिया गया। गोरख ने बताया कि प्रवेश पत्र पर फोटो तो उसका लगा है, लेकिन रोल नंबर, नाम, माता-पिता का नाम गलत बताकर परीक्षा से वंचित कर दिया गया।
कुछ परीक्षा केंद्रों पर परिषदीय विद्यालयों के कक्ष निरीक्षकों के समय पर न पहुंचने से भी दिक्कत हुई। बाद में केंद्राध्यक्ष और विभागीय अधिकारियों के प्रयास से दूसरा कक्ष निरीक्षक नियुक्त कर परीक्षा कराई गई। गुरवलिया बाजार प्रतिनिधि के अनुसार श्री कृष्ण इंटर कॉलेज उजारनाथ के परीक्षा केंद्र पर 332 परीक्षार्थी, श्री अन्नपूर्णा इंटरमीडिएट कॉलेज गुरवलिया में 263, श्रीमती राधिका देवी कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चंद्रौटा में 360 और आदर्श कृषक इंटर कॉलेज सपहीं बुजुर्ग में 230 परीक्षार्थियों को परीक्षा में सम्मिलित होना था। उनमें श्री कृष्ण इंटर कॉलेज उजारनाथ में 71, श्री अन्नपूर्णा इंटर कॉलेज गुरवलिया में छह, श्रीमती राधिका देवी कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चंद्रौटा में 16 और आदर्श कृषक इंटर कॉलेज सपहीं बुजुर्ग में सात परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
रामकोला प्रतिनिधि के अनुसार कस्बे के सरस्वती बाल विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में हाईस्कूल की परीक्षा के दौरान 186 में से 157 ने परीक्षा दी। दूसरी पाली में हुई इंटर हिंदी की परीक्षा में 199 में से 179 परीक्षार्थी सम्मिलित हुए। केंद्र व्यवस्थापक सुनील कुमार चौरसिया ने बताया कि परीक्षा व्यवस्था की निगरानी मजिस्ट्रेट कर रहे हैं। तमकुहीरोड प्रतिनिधि के अनुसार सेवरही क्षेत्र में यूपी बोर्ड की दसवीं और बारहवीं कक्षा के लिए बनाए गए पांच परीक्षा केंद्रों पर पंजीकृत कुल 2618 परीक्षार्थियों में 252 ने पहले ही दिन परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा छोड़ने वालों में हाईस्कूल के 150 और इंटरमीडिएट के 102 परीक्षार्थी शामिल रहे। लोकमान्य इंटरमीडिएट कॉलेज जानकीनगर में हाईस्कूल के 299 में 12 और इंटर के 396 में से 47 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। बालिका इंटर कॉलेज में हाईस्कूल के 307 में 54 और इंटर के 230 में 27 परीक्षार्थी, लोकनायक इंटर कॉलेज गौरीनगर में हाईस्कूल के 200 परीक्षार्थियों में 11 और इंटर के 219 परीक्षार्थियों में 20, एसजीएम इंटर कॉलेज बंतीनगर में हाईस्कूल के 297 में 20 और इंटर के 280 में आठ परीक्षार्थी, लोकनायक बालिका इंटर कॉलेज गौरीनगर में हाईस्कूल के 390 में से 53 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।