पडरौना। कसया ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय मथौली में तैनात छह अध्यापिकाओं में से बुधवार को पांच अनुपस्थित रहीं। बीएसए के निर्देशपर हुई जांच के बाद यहां की हेडमास्टर को निलंबित कर दिया गया है, जबकि चार अध्यापिकाओं का एक-एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया गया है। अनुपस्थित पांचों अध्यापिकाओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा।
बीएसए मनोज कुमार मिश्र की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार प्राथमिक विद्यालय मथौली में छह अध्यापिकाएं तैनात हैं। नमिता चौधरी यहां प्रधानाध्यापिका हैं जबकि संगीता तिवारी, श्वेता त्रिपाठी, रीतू सिंह, सुमन और सावित्री मिश्रा सहायक अध्यापक हैं। बुधवार को इस विद्यालय पर कम अध्यापिकाओं के आने की सूचना बीएसए को मिली तो उन्होंने कसया के बीईओ धीरेंद्र कुमार त्रिपाठी को जांच के लिए भेजा। बीईओ स्कूल पहुंचे तो छह में से केवल एक अध्यापिका सावित्री मिश्रा ही उपस्थित मिलीं। बीईओ ने अपनी रिपोर्ट बीएसए को भेजी। बीएसए ने उपस्थित अध्यापिका सावित्री मिश्रा को बधाई दी तथा अनुपस्थित अध्यापिकाओं का एक-एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया। प्रधानाध्यापिका नमिता चौधरी को लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित किया गया।