कुबेरस्थान (कुशीनगर)। पडरौना ब्लॉक के शिवपुर बुजुर्ग पोखरे के छठ घाट पर गंदगी देख बुधवार को गांववाले उग्र हो गए और प्रदर्शन करने लगे। बाद में बीडीओ के निर्देश पर सफाईकर्मियों ने पहुंचकर छठघाट की सफाई की, तब लोग शांत हुए। छठ पर्व शुरू हो चुका है, लेकिन शिवपुर बुजुर्ग गांव के छठघाट की सफाई नहीं कराई गई थी।
इस छठघाट पर काफी संख्या में वेदियां बनी हैं, जहां सैकड़ों की तादाद में महिला श्रद्घालु पहुंचकर पूजा अर्चना करती है तथा सूर्यदेव को अर्घ्य देती हैं। बुधवार को सुबह छठघाट पर पहुंचे लोगों ने वहां गंदगी का अंबार देखकर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि एक दिन बाद ही यहां लोगों की भीड़ जुटने वाली है, लेकिन इसकी सफाई पर किसी जिम्मेदार ने ध्यान नहीं दिया।
शिवपुर बुजुर्ग गांव के अलावा लंगडी, ओझा टोला के ब्रह्मा सिंह, चंद्रशेखर लाल, बृजकिशोर, नंदलाल, रामायण, अमलेश, राजू, अभय, शिवम, विनय, पारस, नगीना, सुखल, संदीप, रामजीत, मनोज, शिवजी, विनोद, पिंटू, छोटे, मुरारी आदि ने छठ घाट पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। उसके बाद बीडीओ पडरौना आनंद को अवगत कराया, जिसे गंभीरता से लेते हुए बीडीओ ने सखवनिया न्याय पंचायत के कई सफाईकर्मियों को भेजकर छठघाट की सफाई शुरू कराई, तब जाकर लोग शांत हुए।