कुशीनगर। मनिकौरा गांव स्थित नवनिर्मित विद्युत उपकेंद्र से ट्रांसफार्मर ले जाने के विरोध में रविवार को दोपहर लोगों ने प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि वे लोग ट्रांसफार्मर नहीं ले जाने देंगे। बड़ी संख्या में लोग लाठी डंडे लेकर बैठे थे। इसके पूर्व ट्रांसफार्मर ले जाने आए बिजली कर्मचारियों को लोगों ने भगा दिया।
बिजली विभाग की तरफ से मनिकौरा गांव के जूड़ी चौराहे पर एक उपकेंद्र बनाया गया है। विभाग की लापरवाही के कारण यह उपकेंद्र चालू नहीं हो पाया, जबकि मुख्यमंत्री इस उपकेंद्र का उद्घाटन भी कर चुके हैं। रविवार को बिजली विभाग की तरफ से उपकेंद्र में लगे ट्रांसफार्मर को कहीं और ले जाने की कोशिश की जाने लगी। इसकी भनक क्षेत्र के लोगों को हुई तो बड़ी संख्या में लोग लाठी डंडे लेकरउपकेंद्र पर पहुंच गए और बिजली विभाग के कर्मचारियों को वहां से भगा दिया। बिजली विभाग के लोगों का तर्क था कि तीन दिन के अंदर ही यहां दूसरा ट्रांसफार्मर लगवा दिया जाएगा, लेकिन लोग नहीं माने। लोगों की जिद के आगे बिजली विभाग के कर्मचारियों को वहां से हटना पड़ा।
दिन के करीब तीन बजे प्रधान संघ के जिलाध्यक्ष व ग्राम प्रधान चंद्र प्रकाश यादव, ब्लॉक अध्यक्ष ओमप्रकाश यादव, हियुवा के ब्लॉक संयोजक नरेंद्र मिश्र सहित काफी संख्या में लोग बिजली उपकेंद्र पर पहुंचे। इन लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। ग्राम प्रधान ने कहा कि सीएम के उद्घाटन के बावजूद इस फीडर को चालू नहीं किया गया।
इस संबंध में एसडीओ पडरौना का कहना था कि खड्डा में ट्रांसफार्मर जल गया था। यह ट्रांसफार्मर वहीं भेजना था। लोगों को समझाया गया कि तीन दिन के अंदर ट्रांसफार्मर लगवा दिया जाएगा, लेकिन लोग नहीं माने तो कर्मचारी वापस आ गए।
विरोध जताने वालों में ग्राम प्रधान चंद्र प्रकाश यादव, ओमप्रकाश यादव, पूर्व प्रधान प्रभुनाथ प्रसाद, हरिद्वार प्रसाद, सुरेंद्र चौहान, वीरेंद्र, योगेंद्र, बिस्मिल्लाह, हरिओम, विश्वनाथ, दुर्गावती, सुनैना, अनीता सहित कई लोग शामिल रहे।