कुशीनगर। गंडक नदी के जलस्तर में कमी आने के बावजूद जंगलीपट्टी गांव के सामने बने स्पर पर कटान जारी है। इससे गांव के लोगों की बेचैनी बढ़ गई है। सिंचाई विभाग के अभियंताओं ने मौके पर पहुंचकर काम में तेजी लाने का निर्देश दिया।
एपी तटबंध पर जंगलीपट्टी गांव के सामने पिछले चार दिन से बड़ी गंडक कटान कर रही है। नदी पहले किमी 1.480 पर बने स्पर की सुरक्षा के लिए बोल्डरयुक्त प्लेटफार्म को बहा ले गई। उसके बाद रविवार को नदी ने स्पर को ही काटना शुरू कर दिया। लगभग पांच मीटर स्पर को नदी काट चुकी है, जिससे बचाव कार्य में लगे मजदूरों सहित गांव के लोगों की बेचैनी बढ़ गई है।
लोगों का कहना है कि बोरों में मिट्टी भरकर कटान रोकने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन सफलता नहीं मिल रही है। गांव के बाबूलाल निषाद, किशुनदेव, शारदा, अनिरुद्ध, नरेंद्र, राजू आदि का कहना है कि इस स्थान पर नदी में पानी कम होने के बावजूद कटान जारी है। इससे जंगलीपट्टी, बिनटोली सहित कई गांवों पर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। ऐसी स्थिति में यदि वाल्मीकिनगर बैराज से पानी अधिक छोड़ा जाता है तो स्पर क्षतिग्रस्त होने के साथ ही एपी बांध के लिए भी खतरा उत्पन्न हो जाएगा। उधर, कटान की सूचना मिलते ही एक्सईएन बीपी सिंह, एई रमेश यादव सहित अन्य लोग मौके पर पहुंचे और कटान का जायजा लिए। उन्होंने ठेकेदारों से बचाव कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।