खड्डा। क्षेत्र के तुर्कहा सीएचसी परिसर में लगभग तीन करोड़ की लागत से बने 50 बेड के ईसीआरपी (कोविड वार्ड) का लोकार्पण सांसद विजय दुबे व विधायक विवेकानंद पांडेय ने किया।
इससे कोरोना जैसे महामारी से निपटने में सहूलियत होगी। तुर्कहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के परिसर में शासन की ओर से 50 बेड क्षमता के ईसीआरपी (इमरजेंसी कोविड रिस्पांस प्लान) के भवन का निर्माण किया गया है। सांसद विजय दुबे ने कहा कि इस वार्ड का निर्माण होने से क्षेत्र में स्वास्थ्य आपदा का सही ढंग से प्रबंधन हो सकेगा। मरीजों को दूर-दराज जाने के चक्कर से बचत होगी और यहां समुचित इलाज हो सकेगा।
विधायक विवेकानंद पांडेय ने कहा कि यह वार्ड इस क्षेत्र के लिए आपदा में वरदान साबित होगा। अगर कोरोना जैसी महामारी आती है तो जनता जनार्दन को इलाज के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा।
सीएमओ सुरेश पटारिया ने नवनिर्मित वार्ड के विषय में जानकारी दी।