गुरवलिया बाजार। तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र में शनिवार रात चोरों ने दो मुख्य बाजारों में नकदी और बोलेरो की चोरी कर ली। सुबह होने पर मामला पुलिस तक पहुंचा तो प्रभारी थानाध्यक्ष पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों स्थलों का निरीक्षण किया। चोरी के खुलासे के लिए टीम गठित की गई। अब पुलिस दबिश दे रही है। तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के सरिसवा गांव के चौराहे पर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। कसया-सेवरही मुख्य मार्ग स्थित सड़क के किनारे सरिसवा में एक मोबाइल की दुकान से 47 मोबाइल व काउंटर से 7000 रुपये नकद की चोरी की घटना को अंजाम दिया गया। दुकान स्वामी परवेज आलम ने तहरीर देकर पुलिस से कार्यवाही की मांग की। इसके अलावा गुरवलिया बाजार स्थित प्रमोद कुमार के मकान के बगल में खड़ी सफेद रंग के बोलेरो को अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर लिया गया।
दोनों घटनाओं से सम्बंधित प्रार्थना पत्र प्राप्त कर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी। मोबाइल चोरी की घटना से सम्बन्धित चोरी गए मोबाइलों के आईएमईआई नम्बर व बोलेरो के कागजात प्राप्त कर घटना की सूचना सर्विलांस सेल व फील्ड यूनिट को दे दी। खुलासे के लिए टीम गठित कर दी गई जो दबिश दे रही है। प्रभारी थानाध्यक्ष प्रिंस कुमार ने बताया कि टीम गठित कर दी गई है। अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है। शीघ्र ही उक्त दोनों प्रकरणों का खुलासा किया जाएगा।