दो सुपर जोनल, छह जोनल और 38 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात, संवेदनशील इलाकों में लगातार करेंगे भ्रमण, कलेक्ट्रेट में कंट्रोल रूम स्थापित
कुशीनगर। दिवाली, गोवर्धन पूजा और छठ पर्व पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा का खाका तैयार कर लिया है। जिलाधिकारी संजय चौहान ने जिले में दो सुपर जोनल, छह जोनल और 38 सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की है। इसके अलावा रिजर्व मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए हैं। सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने और किसी भी विवाद की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने के निर्देश दिए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार, एडीएम (वित्त एवं राजस्व) पवन कुमार और एएसपी सिद्धार्थ वर्मा को संपूर्ण शांति एवं कानून व्यवस्था का प्रभारी बनाया गया है। सुपर जोनल, जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने निर्धारित क्षेत्रों में चौकी प्रभारी, थानाध्यक्ष, क्षेत्राधिकारी और एसडीएम के साथ समन्वय बनाकर निगरानी करेंगे।
धारा 163 लागू होने के मद्देनजर शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के सार्वजनिक स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। डीएम ने सभी खंड विकास अधिकारियों और अधिशासी अधिकारियों को मुख्यालय पर मौजूद रहकर त्योहारों से जुड़ी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा है।
अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि त्योहारों का सकुशल संपादन होने के बाद संबंधित एसडीएम को सूचना देकर ही ड्यूटी स्थल छोड़ेंगे। किसी भी अप्रिय घटना की आशंका होने पर तत्काल उच्चाधिकारियों को जानकारी देनी होगी।
कलेक्ट्रेट में बना कंट्रोल रूम
त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए कलेक्ट्रेट में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इसका दूरभाष नंबर 05564-240590 जारी किया गया है। सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधन सहकारिता तथा जिला पंचायत राज अधिकारी को कंट्रोल रूम का प्रभारी बनाया गया है।
दोनों अधिकारी तैनात मजिस्ट्रेटों से फोन पर संपर्क कर उनकी लोकेशन और क्षेत्र की स्थिति की जानकारी लेंगे। साथ ही नियमित रूप से जिलाधिकारी को रिपोर्ट देंगे।