कप्तानगंज(कुशीनगर)। कस्बे के पीजी सीनियर सेकेंड्री स्कूल में अमर उजाला फाउंडेशन की अपराजिता मुहिम के तहत शनिवार को मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बतौर मुख्य अतिथि एसडीएम अनवर रशीद फारूकी ने कहा कि शत-प्रतिशत मतदान से ही लोकतंत्र मजबूत होगा। लोकतंत्र के इस महापर्व में हर वयस्क नागरिक को अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए। महिलाओं की भागीदारी महत्वपूर्ण है।
तहसीलदार रामप्यारे ने कहा कि मां अपने बच्चों की प्रथम गुरु होती है। बच्चों को जागरूक आत्मनिर्भर और शिक्षित बनाने में उनकी अहम भूमिका होती है। नायब तहसीलदार विकास सिंह ने छात्राओं से कहा कि अपने अभिभावकों से गुजारिश करें कि पहले मतदान, फिर जलपान। तभी मतदान प्रतिशत भी बढ़ेगा। थाना प्रभारी निरीक्षक राहुल कुमार सिंह के कहा कि महिलाएं निर्भीकतापूर्वक अपना मतदान करें। लोकतंत्र के इस पर्व में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाएं।कार्यक्रम में मौजूद डॉ. रूपेश कुमार कुशवाहा ने कहा कि नारी सशक्त तभी होगी, जब वह पूर्णरूप से स्वस्थ रहेगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं प्रधानाचार्य डॉ. संगीता सिंह ने कहा कि अमर उजाला की इस मुहिम से समाज को नई दिशा मिल रही है।विद्यालय के प्रबंधक एसपी सिंह ने कहा कि विद्यालय की स्थापना वर्ष 2004 में हुई थी, लेकिन अमर उजाला ने अपराजिता मुहिम का हिस्सा बनाकर विद्यालय परिवार को गौरवांवित किया है। उप प्रधानाचार्य डॉ. सुनील कुमार पांडेय ने कहा कि अमर उजाला की अपराजिता मुहिम आधी आबादी को सशक्त और स्वावलंबी बनाने को लेकर संकल्पित है। इससे पहले मुख्य अतिथि एसडीएम ने दीप जलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। छात्राओं ने मोहक कार्यक्रम प्रस्तुत किया।
महिलाओं ने अमर उजाला की मुहिम को सराहा
शिक्षक नीतू उपाध्याय ने कहा कि मतदान को लेकर अमर उजाला की ओर से चलाई जा रही अपराजिता मुहिम सराहना के काबिल है। दीपा खंडेलवाल ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम महिलाओं को जागरूक और आत्मनिर्भर बनाने में कारगर साबित होंगे। राधिका कसौधन ने कहा कि मतदान के जरिए अच्छे जनप्रतिनिधि को चुनने का मौका मिलेगा। सामाजिक कार्यकर्ता सुषमा शर्मा ने कहा कि इस तरह के मंचों के माध्यम से मतदान के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाई जा सकती है।
कार्यक्रम में इनका रहा योगदान
चौकी इंचार्ज विनय कुमार, लेखपाल शिवमुरारी लाल श्रीवास्तव, पीजी स्कूल के शिक्षक अनूप पांडेय, सायमा, नीलम गुप्ता, अमरेंद्र पांडेय, सपना सिंह, किरन सिंह, आनंद कुमार यादव, विकास कुमार यादव, जयगोविंद सिंह, विष्णु वर्मा, बैद्यनाथ गुप्ता, राजकुमार आदि।