फाजिलनगर। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर शासन प्रशासन की ओर से तमाम प्रयास के बावजूद भी छेड़छाड़ की घटनाएं नहीं थम रही हैं। पटहेरवा थाना क्षेत्र में खासकर छात्राओं के साथ कई बार छेड़छाड़ की घटनाएं हो चुकी हैं, बावजूद इसके पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। इससे शोहदों का दुस्साहस बढ़ता जा रहा है। इस क्षेत्र में पुलिस का एंटी रोमियो दस्ता भी सक्रिय नहीं दिख रहा है।प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की सरकार बनने के बाद एंटी रोमियो दस्ता गठित किया गया था, जिसकी सक्रियता शुरुआती दिनों में तो खूब दिखी, लेकिन अब वह कहीं सक्रिय नहीं दिख रहा है। खासकर स्कूल-कॉलेजों के इर्द गिर्द शोहदे छात्राओं और महिलाओं के साथ छेड़छाड़, अभद्रता और अश्लील हरकतें कर रहे हैं, लेकिन पुलिस उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही है। पटहेरवा थाना क्षेत्र में हुई छेड़छाड़ की गई घटनाएं पुलिस की लापरवाही बयां कर रही हैं।
पटहेरवा थाना क्षेत्र के फाजिलनगर, पटहेरिया-समऊर बाजार मार्ग, पटहेरिया-नोनियापट्टी मार्ग, फाजिलनगर-समऊर बाजार मार्ग और पटहेरवा-पिपरा कनक मार्ग पर छात्राओं के साथ छेड़छाड़ की घटनाएं अक्सर होती रहती हैं। स्कूल और कोचिंग आती-जाती छात्राओं से रास्ते में खड़े शोहदों की ओर से छेड़छाड़ करना, फब्तियां कसना आए दिन की बात है। लेकिन पुलिस की तरफ से उनके खिलाफ कोई सख्त कदम न उठाए जाने के कारण छात्राएं सहमी रहती हैं।
सीओ तमकुहीराज आरके तिवारी ने बताया कि शिकायतें आने के बाद कॉलेज, कजोचिंग सेंटरों की जांच की जा रही है। दोषियों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी।
बीते जुलाई महीने में पटहेरिया-समऊर मार्ग पर स्थित एक शराब भठ्ठी के निकट एक अध्यापिका पर शोहदों ने छींटाकसी की थी। उनके विरोध करने पर शोहदों ने साइकिल का करियर खींचकर उन्हें सड़क पर गिरा दिया था। अध्यापिका के घरवालों ने थाने में तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने शोहदों के खिलाफ कार्रवाई करने की बजाए समझौता करा दिया। नवंबर महीने में कोचिंग से घर जा रही छात्राओं पर फब्तियां कस रहे बाइकसवार युवकों को समऊर व बिहार खुर्द गांव के बीच पकड़कर गांव के लोगों ने धुनाई की थी। उन्हें हिदायत देकर गांव के लोगों ने छोड़ा था। लेकिन पुलिस चौकी नजदीक होने के बाद भी पुलिस ने घटना का संज्ञान तक नहीं लिया। नवंबर माह में ही दिन के करीब तीन बजे महाविद्यालय से पढ़कर वापस घर आ रही एक छात्रा से छेडख़ानी में असफल शोहदों ने चाकू से प्रहार कर घायल कर दिया था। उस घटना में आरोपी पकड़े नहीं गए। इसी महीने फाजिलनगर से कोचिंग करके घर जा रही छात्रा से कुछ शोहदों ने समऊर मार्ग पर छेडख़ानी की थी। इसकी शिकायत छात्रा के घरवालों ने किया तो आरोपी उसके घर जाकर धमकी दिए थे। यूपी 100 की पुलिस के पहुंचने के बाद आरोपी वहां से भागे थे।