रोमांचक मुकाबले में गोरखपुर ने जीता उद्घाटन मैच
शिक्षाविद् अनिरुद्ध शुक्ल स्मारक फुटबॉल प्रतियोगिता शुरू
जटहां बाजार (कुशीनगर)। नेहरू स्पोर्टिंग क्लब मंसाछापर की ओर से आयोजित शिक्षाविद् अनिरुद्ध शुक्ल स्मारक फुटबॉल प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच रविवार को गोरखपुर और सीवान के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में गोरखपुर की टीम ने सीवान को एक-शून्य से पराजित कर अगले राउंड में अपनी जगह बनाई।
नेहरू इंटर कॉलेज मंसाछापर में सात दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता के पहले दिन गोरखपुर और सीवान के बीच उद्घाटन मैच खेला गया। शुरुआत में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। पहले हाफ में दोनों टीमों का स्कोर शून्य रहा। मध्यांतर के बाद गोरखपुर की टीम गोल पोस्ट पर चढ़ी तो जरूर, लेकिन कामयाब नहीं हो पा रही थी। अंतिम समय में गोरखपुर के खिलाड़ी ने एक-शून्य से टीम को बढ़त दिला दी।
इसके पूर्व मुख्य अतिथि विधायक रामानंद बौद्ध व विशिष्ट अतिथि एसओ जटहां शाह मुहम्मद, प्रधानाचार्य शैलेंद्र दत्त शुक्ल ने संयुक्त रूप से खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर खेल का शुभारंभ किया। विधायक ने कहा कि ग्रामीणांचल में इस तरह का आयोजन बेहद जरूरी है। इससे क्षेत्रीय प्रतिभाएं भी उभर कर सामने आती हैं। उद्घोषक राकेश श्रीवास्तव रहे। इस दौरान ग्राम प्रधान राजीव मिश्र, संदीप मिश्र, दिनेश चौधरी, दिनेश भारती, जमालुद्दीन अंसारी, प्रभु कुशवाहा आदि मौजूद रहे।