पडरौना। एचपी गैस एजेंसी के उपभोक्ताओं ने रविवार को रसोई गैस नहीं मिलने के कारण पडरौना-रामकोला रोड जाम कर प्रदर्शन किया। उपभोक्ताओं का आरोप था कि वे कई दिन से रसोई गैस के लिए भटक रहे हैं। सड़क जाम की सूचना पर पहुंचे एसडीएम सदर ने उपभोक्ताओं को समझा बुझाकर शांत कराया। तब जाकर आवागमन शुरू हो सका।
रविवार की सुबह करीब आठ बजे उपभोक्ता गैस एजेंसी पर पहुंचे थे। यहां उन्हें रसोई गैस न होने की जानकारी दी गई। इसके बाद नाराज उपभोक्ताओं ने सिलिंडर लेकर पडरौना-रामकोला मार्ग को जाम कर दिया। उपभोक्ता दिवाकर कुमार, सुरेश सोनी, अब्दुल करीम आदि का कहना है कि कई दिनों से वह एजेंसी का चक्कर लगा रहे हैं, इसके बाद उन्हें गैस सिलिंडर नहीं मिल रहा है। उपभोक्ताओं का आरोप था कि वितरकों की मनमानी के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है। पडरौना आने वाली गाड़ियों को ग्रामीण क्षेत्रों में भेज दिया जा रहा है। सड़क जाम की सूचना पाकर पहुंचे एसडीएम सदर अजय प्रताप नारायण सिंह ने उपभोक्ताओं को समझा बुझाकर शांत कराया और उन्हें गैस दिलाने का आश्वासन दिया, तब जाकर जाम समाप्त हो सका। वहीं गैस एजेंसी संचालक विनोद कुमार त्रिपाठी का कहना है कि रसोई गैस नहीं मिलने का आरोप निराधार है। रविवार को 430 घरेलू व 15 व्यवसायिक सिलिंडर वितरित किया गया। जिन उपभोक्ताओं को रविवार को गैस नहीं मिला है, उन्हें मंगलवार को गैस सिलिंडर उपलब्ध करा दिया जाएगा।