पडरौना। रविवार को कसया के 132 केवी के उपकेंद्र के निकट इंसुलेटर व डिश पंक्चर हो जाने से पडरौना और रविंद्रनगर उपकेंद्र से जुड़े मोहल्लों के साथ साथ ग्रामीण क्षेत्रों में आठ घंटे बिजली गुल रही। विद्युतकर्मियों को फाल्ट ढूंढने में दोपहर हो गई, तब जाकर उन्हें गड़बड़ी का पता चला। उसके बाद विद्युतकर्मी इस गड़बड़ी को ठीक करने में लग गए, लेकिन शाम सात बजे तक भी बिजली नहीं आई थी।
रविवार को सुबह करीब सात बजे से ही मूसलाधार बारिश होने का असर बिजली आपूर्ति पर भी पड़ा। कसया के निकट इंसुलेटर और डिश पंक्चर हो जाने के कारण सुबह साढ़े दस बजे के आस पास बिजली गुल हो गई। उपभोक्ताओं को आठ घंटे से अधिक समय तक बिजली न होने से विभिन्न समस्याओं से जूझना पड़ा। इससे पहले रात में भी बूंदाबादी होने के बाद बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी। उसके बाद बिजली आई तो कुछ देर बाद पुन: कट गई। उसके बाद बिजली विभाग के कर्मचारी फाल्ट ढूंढते रह गए, दोपहर को पता चला कि कसया के 132 केवीए के उपकेंद्र के पास इंसुलेटर और डिश पंक्चर हो गया है, उसके बाद मरम्मत कार्य शुरू हुआ और शाम को करीब सात बजे तक विद्युतकर्मी विद्युत आपूर्ति बहाल करने में लगे हुए थे। पडरौना विद्युत वितरण खंड पडरौना के एक्सईएन संजय कुमार यादव का कहना है कि इंसुलेटर व डिशपंक्चर होने के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है।