पडरौना (कुशीनगर)। बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की अम्ब्रेला आईसीडीएस योजना के तहत जिले के 4134 आंगनबाड़ी केंद्रों को इस महीने के अंतिम सप्ताह में फिर से पोषाहार मिलना शुरू हो जाएगा। इसके लिए 2879 मीट्रिक टन पोषाहार आपूर्ति होनी है। टेंडर नहीं होने के चलते फरवरी से ही पोषाहर नहीं मिल रहा था।
जिले में पडरौना व कसया नगर तथा ग्रामीण क्षेत्र में कुल 4134 आंगनबाड़ी केंद्र हैं। इन पर तीन से छह वर्ष तक के बच्चों और गर्भवती महिलाओं को पोषाहर दिया जाता है लेकिन फरवरी से किसी फर्म का टेंडर नहीं होने की वजह से पोषाहार वितरण नहीं हो पा रहा था। सरकार ने त्रिकाल फूड्स एंड एग्रो प्रोड्क्टस प्राइवेट लिमिटेड नई दिल्ली को पोषाहार वितरण की जिम्मेदारी दे दी है। यही फर्म जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर अपने साधन से पोषाहर पहुंचाएगी।
इनको मिलेगा पोषाहर का लाभ
इस परियोजना के तहत छह माह से तीन वर्ष और तीन वर्ष से छह वर्ष के बच्चों और गर्भवती महिलाओं को निर्धारित मात्रा में पोषाहर दिया जाता है। इसके अलावा 11 से 14 वर्ष के ऐसी किशोरी बालिकाओं को भी पोषाहर देने की व्यवस्था है जो स्कूल नहीं जाती हैं।
केंद्र से ली जाएगी रिसीविंग
जिला कार्यक्रम अधिकारी एसके सिंह ने बताया कि बीते चार महीने से बंद पोषाहर इस महीने से फिर मिलना शुरू हो जाएगा। पोषाहार को फर्म अपने साधन से आंगनाबाड़ी केंद्र तक पहुंचा कर संबंधित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से रिसीविंग लेगी। सीडीपीओ कार्यालय के जरिए रिसीविंग डीपीओ कार्यालय और निदेशालय को भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि जल्द ही हर बैग व पैकेट पर स्मार्ट कोड अंकित करने की योजना है।